- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मातृसेवा संघ की नई बिल्डिंग का...
मातृसेवा संघ की नई बिल्डिंग का उद्धाटन, CM ने कहा समाज की महिलाओं को मिला लाभ

डिजिटल डेस्क, नागपुर। रेशमबाग के कविवर्य सुरेश भट सभागृह में मातृसेवा संघ की महल स्थित नई बिल्डिंग के वास्तु और पद्मश्री कमलाताई होस्पेट की प्रतिमा का अनावरण मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृसेवा संघ प्राचीन संस्था है और इस संस्था से समाज की कई महिलाओं को लाभ मिला है। इन सामाजिक कार्यों से समाज को एक नई पहचान मिलती है। सभी को सामाजिक कार्यों के लिए आगे आना चाहिए, जिससे समाज को एक नई दिशा मिल सके।
मातृसेवा संघ महल में हुआ था गडकरी का जन्म
कार्यक्रम में अध्यक्ष के रूप में केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने बताया कि उनका जन्म मातृसेवा संघ महल में ही हुआ है। मातृसेवा संघ से उनका बहुत ही घनिष्ठ संबंध है। उन्होंने मातृसेवा संघ के सभी सदस्यों को धन्यवाद देते हुए कहा कि मातृसेवा संघ केवल हमारे शहर में ही नहीं, आसपास भी कई जगहों पर स्थापित है जहां जरूरत मंद महिलाओं को इलाज की सुविधा दी जाती है। इसके साथ ही दिव्यांगों को भी यहां पर सेवाएं दी जाती है। शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति समाज के हर नागरिक को जिम्मेदार होना चाहिए। समाज के कार्य समाज के सहभाग से ही संपन्न होते हैं और अगर समाज का हर व्यक्ति इन संस्थाओं के लिए सोचे तो हमारे समाज की समस्याएं पूरी तरह से समाप्त हो जाएंगी। इस अवसर पर प्रमुख अतिथि के रूप में डॉ. अभय बंग (संचालक, सर्च गड़चिरोली) तथा डॉ. रानी बंग (सहसंचालक, सर्च गड़चिरोली) उपस्थित थे।
मातृसेवा संघ की नई बिल्डिंग का उद्धाटन
डॉ. रानी बंग ने गड़चिरोली में महिलाओं की समस्याओं पर प्रकाश डाला और सामाजिक संस्थाओं से अपील में गांव की स्त्रियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान मातृसेवा संघ शाखा महल, अध्यक्ष कांचन गडकरी द्वारा मातृसेवा संघ के कार्यों की प्रस्तावना रखी गई। संस्था के सदस्यों द्वारा उन्हें मातृसेवा संघ का अत्यंत प्राचीन चित्र उपहार के रूप में दिया गया। कार्यक्रम के अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, महापौर नंदाताई जिचकार उपस्थित थी।
Created On :   10 Nov 2017 11:35 PM IST