शीघ्र बनेगा केवलारी का सीएम राइज स्कूल, सिवनी में फिलहाल इंतजार

District Mineral Fund is not being used in Gadchiroli!
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!
पुराने स्कूल को तोड़कर बनना है स्कूल शीघ्र बनेगा केवलारी का सीएम राइज स्कूल, सिवनी में फिलहाल इंतजार

डिजिटल डेस्क,सिवनी। जिले में इस सत्र से दो सीएम राइज स्कूलों की शुरुआत कर दी गई है। जिसमें से एक केवलारी और दूसरा जिला मुख्यालय के डूंडासिवनी में बनना है। इन स्कूलों में फिलहाल पढ़ाई शुरु कर दी गई है लेकिन जगह और संसाधनों की कमी के चलते चुनिंदा छात्रों को ही प्रवेश दिया गया है। इन स्कूलों के  लिए भव्य इमारत का निर्माण किए जाने की योजना है। जिसके लिए प्रक्रिया शुरु हो चुकी है। केवलारी स्कूल के लिए राशि भी आंवटित हो चुकी है और सिवनी के लिए टेंडर लग चुका है। इस बीच केवलारी में जिस स्थान पर वर्तमान स्कूल लग रहा है वहीं पर नई इमारत बनाई जानी है। इस कारण स्कूल खाली कराने का दबाव है। जिला प्रशासन ने नए स्थान की खोज शुरु कर दी है।

33 करोड़ की राशि हुई स्वीकृत

केवलारी में बनने वाले सीएम राइज स्कूल के लिए 33.16 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हो चुकी है। जिसके लिए टेंडर निकालकर एक कंपनी को दिया भी जा चुका है। स्कूल के निर्माण के लिए डेढ़ वर्ष की समय सीमा तय की गई है। वहीं डूंडासिवनी के लिए सीएम राइज स्कूल के निर्माण के लिए कंडीपार में दस एकड़ की जमीन देखी जा चुकी है। फिलहाल सिवनी स्कूल के लिए टेंडर जारी कर दिए जाने की सूचना है।

केवलारी में खोजी जा रहे विकल्प

केवलारी में टेंडर स्वीकृत होने के बाद एक समस्या सामने आ गई है। दरअसल सीएम राइज स्कूल का निर्माण उसी स्थान पर किया जाना है जहां फिलहाल स्कूल का संचालन हो रहा है। ऐसे में स्कूल में पढऩे वाले लगभग 1300 छात्रों की कक्षाओं के लिए नया स्थान देखना होगा। जिसके लिए प्रशासन ने विकल्पों की तलाश शुरु कर दी है। स्थानीय कॉलेज सहित दूसरी इमारतें देखी जा रहीं हैं। जहां पर इन छात्रों की पढ़ाई हो सके। इसके साथ ही इस बार बोर्ड परीक्षाओं के लिए भी ये स्कूल केंद्र बनाया गया है।

क्या है सीएम राइज स्कूल

सीएम राइज स्कूलों की संकल्पना निजी स्कूलों को टक्कर देने के लिए की गई है। इन स्कूलों में आसपास के 15 किलोमीटर क्षेत्र के छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। छात्रों को हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा दी जाएगी। स्कूलों में केजी से लेकर 12वीं तक की शिक्षा दी जाएगी। इन स्कूलों में संगीत, कला, खेल, आधुनिक लैब, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी आदि की भी अच्छी शिक्षा दिए जाने की योजना है। छात्रों को घर से लाने ले जाने के लिए परिवहन की भी सुविधा रहेगी। इन स्कूलों में स्वीमिंग पुल जैसी सुविधाएं भी रहेंगी।

कॉलेज से मिले अनुमति तो बने बात

दरअसल, एक साथ 1300 छात्रों को शिफ्ट करना भी मशक्कत भरा है। जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को आदेश दिया है कि कॉलेज से एनओसी ले आएं तो स्कूल को वहां अस्थाई रूप से शिफ्ट किया जा सकता है। यहां एक दिक्कत यह भी है कि कॉलेज का समय 11 बजे से पांच बजे तक का है। सर्दी के चलते स्कूलों का संचालन भी सुबह साढ़े आठ बजे के पहले नहीं हो सकता है। ऐसे में दोनों पक्षों को आपस में बैठकर हल निकालना होगा।

इनका कहना है-

स्कूल के संचालन के लिए कॉलेज और जिला प्रशासन से बात हुई है। गुरुवार को भी एक मीटिंग सभी संबंद्ध पक्षों के बीच है जिसमें बिल्डिंग के शीघ्र बनाने से लेकर सभी विषयों पर बात की जाएगी।
-लेखराम बछलिया, प्राचार्य, सीएम राइज केवलारी

केवलारी में प्रशासन के सहयोग से नए स्थान की तलाश की जा रही है। ताकि नई बिल्डिंग बनाने का मार्ग प्रशस्त हो चुके। सिवनी के कंडीपार में बनने वाले स्कूल के लिए प्रक्रिया जारी है।                                 -किशोर कुमार पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी सिवनी
 

Created On :   15 Dec 2022 9:52 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story