विदर्भ में बढ़ी सर्दी : बूंदाबांदी का असर, दिन में भी तापमान गिरा

Cold surge in Vidarbha: the effect of drizzle, temperature dropped during the day
विदर्भ में बढ़ी सर्दी : बूंदाबांदी का असर, दिन में भी तापमान गिरा
विदर्भ में बढ़ी सर्दी : बूंदाबांदी का असर, दिन में भी तापमान गिरा

डिजिटल डेस्क, नागपुर।सोमवार को सुबह से ही बादलों का जमावड़ा लगा रहा। सूर्य दिखे भी तो बादलों ने घेर लिया। शहर में कई स्थानों पर बूंदाबांदी होने से दिन में ठंड का अहसास हुआ। ठंडी हवाओं ने भी दिन में कुछ जोर पकड़ा। 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार 15 दिसंबर को भी कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना है। इससे ठंडी बढ़ने का अनुमान है। इसके बाद जैसे ही बादलों का डेरा हटेगा, तो न्यूनतम तापमान में भी बड़ी गिरावट होने का अनुमान है। इस बदलाव से रात के तापमान में गिरावट होने से सर्दी और बढ़ेगी।

दिन-रात में 7.3 डिग्री सेल्सियस का अंतर

सोमवार को 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम है। रविवार को अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस था।

0.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट के साथ न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 6.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। बादलों के जमावड़े के बीच दिन और रात के तापमान में 7.3 डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया है।
 

विदर्भ में अनेक जगह बूंदाबांदी

सोमवार को विदर्भ में लगभग सभी जगह आसमान में मेघों ने डेरा जमाए रखा। अनेक जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई। कहीं-कहीं दोपहर में सूरज के दर्शन हुए लेकिन शाम ढलते-ढलते फिर से बादलों से आसमान पट गया। शीतल बयारों के कारण तापमान में भी गिरावट महसूस की गई। दिन में भी लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।  अमरावती, वर्धा, यवतमाल, चंद्रपुर, गड़चिरोली, गोंदिया और भंडारा जिले में दोपहर के समय मामूली बूंदाबांदी हुई। मौसम में आए बदलाव के कारण रबी फसलों पर रोगों के आक्रमण की आशंका बढ़ गई है। 

Created On :   14 Dec 2020 4:27 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story