विधानसभा अध्यक्ष के समर्थन में पारित हुआ विश्वास प्रस्ताव, उद्धव गुट ने दाखिल किया था अविश्वास

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना के दोनों गुटों के बीच का संघर्ष जल्द थमने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। दोनों गुटों की जारी सियासी लड़ाई के बीच शिंदे सरकार ने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर पर विश्वास मत प्रस्ताव मंजूर किया। सदन में शिंदे गुट के सदस्य दीपक केसरकर ने प्रस्ताव पेश किया था। जिसे मंजूर कर लिया गया। इससे पहले रविवार को नार्वेकर विधानसभा अध्यक्ष पद का चुनाव जीते थे। विधान भवन में पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि रविवार को दोपहर 12 बजे नार्वेकर विधानसभा अध्यक्ष पद का चुनाव जीते थे। जिसके बाद 12 बजकर 2 मिनट पर विपक्ष की ओर से नार्वेकर पर अविश्वास प्रस्ताव दाखिल कर दिया गया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शिवसेना के विधायकों को मालूम है कि शिंदे को विधानमंडल दल नेता के रूप में मान्यता मिलेगी। इससे विधानसभा सदन में शिंदे गुट का ही व्हिप लागू होगा। शिंदे गुट के व्हिप का उल्लंघन करने वाले शिवसेना के विधायकों के खिलाफ अयोग्य घोषित करने की याचिका पर विधानसभा अध्यक्ष सुनवाई न करे सके। इसलिए शिवसेना की ओर से नार्वेकर के खिलाफ अविश्वास का प्रस्ताव दाखिल किया था। इसके मद्देनजर शिंदे सरकार की ओर नार्वेकर पर विश्वास प्रस्ताव पारित किया गया। इससे अब शिवसेना की ओर से दाखिल अविश्वास प्रस्ताव लैप्स हो गया है। अगले एक साल तक एक ही मुद्दे पर दो प्रस्ताव नहीं लाया जा सकता है।
Created On :   4 July 2022 9:05 PM IST