पेश होगा ओबीसी आरक्षण के लिए शिंदे-फडणवीस सरकार का अभिनंदन प्रस्ताव

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लगभग ढाई साल बाद सत्ता में लौटने वाली भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक शनिवार, 23 जुलाई को रायगड जिले के पनवेल शहर में होगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील के संबोधन से बैठक की शुरुआत होगी। जबकि इसके समापन के मौके पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मार्गदर्शन करेंगे। गुरुवार को प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्ये ने यह जानकारी दी। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पेश करेंगे। ओबीसी समाज को स्थानीय निकायों में राजनीतिक आरक्षण बहाली के लिए प्रदेश भाजपा के महासचिव चंद्रशेखर बावनकुले शिंदे-फडणवीस सरकार का अभिनंदन प्रस्ताव रखेंगे। कृषि से संबंधित प्रस्ताव को भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वासुदेव काले पेश करेंगे। इस बैठक में प्रदेश भाजपा के प्रभारी तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सी टी.रवि, राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश, पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, विधायक, जिला अध्यक्ष, प्रकोष्ठ और आघाड़ी के अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहेंगे। इस बैठक में लगभग आठ सौ प्रतिनिधि शामिल होंगे। एक दिवसीय बैठक में मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा होगी। इसके साथ ही पार्टी का संगठनात्मक कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।
Created On :   22 July 2022 3:37 PM IST