अब प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति पर भिड़ीं कांग्रेस-भाजपा  

Congress-BJP clash over on the appointment of Protem Speaker
अब प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति पर भिड़ीं कांग्रेस-भाजपा  
अब प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति पर भिड़ीं कांग्रेस-भाजपा  

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक में भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी संग्राम जारी है। प्रदेश में भाजपा को सरकार बनाने का न्यौता देने से पहले से क्षुब्ध चल रही कांग्रेस ने अब प्रोटेम स्पीकर पद पर केजी बोपैया की नियुक्ति पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बोपैया की नियुक्ति के बाद राज्यपाल वजुभाई वाला पर निशाना साधा और कहा कि केजी बोपैया को प्रोटेम स्पीकर बनाकर उन्होने एक बार फिर संविधान पर हमला किया है। 

सुरजेवाला ने कहा कि राज्यपाल के इस फैसले के खिलाफ कोर्ट जाने का विकल्प खुला है। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को येद्दियुरप्पा सरकार को झटका देते हुए निर्देश दिया है कि वह शनिवार को ही विधानसभा में अपना बहुमत साबित करे। शीर्ष अदालत के इस फैसले से उत्साहित सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील और कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी इसकी जानकारी मीडिया को दे ही रहे थे, तभी यह खबर आई कि कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला ने भाजपा विधायक केजी बोपैया को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त कर दिया है। राज्यपाल के इस फैसले ने कांग्रेस को और चिढा दिया है।

सिंघवी ने कहा कि नए सदन में भाजपा के बोपैया नहीं बल्कि कांग्रेस के आरवी देशपांडे सबसे सीनियर सदस्य हैं और इस हिसाब से देशपांडे काे ही प्रोटेम स्पीकर बनाया जाना चाहिए था। दरअसल सदन के सबसे अनुभवी नेता को प्रोटेम स्पीकर बनाने की परंपरा पुरानी है। इस लिहाज से कांग्रेस को उम्मीद थी कि उसके विधायक आर वी देशपांडे को प्रोटेेम स्पीकर बनाया जाएगा। लेकिन राज्यपाल ने उनसे जूनियर बोपैया को यह जिम्मेदारी दे दी। 

 

Created On :   18 May 2018 7:33 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story