अमरावती सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार धीरज लिंगाडे ने भाजपा उम्मीदवार रणजीत पाटील को हराया  

Congress candidate Dhiraj Lingade defeated BJP candidate Ranjit Patil in Amravati seat
अमरावती सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार धीरज लिंगाडे ने भाजपा उम्मीदवार रणजीत पाटील को हराया  
भाजपा के किले में सेंध  अमरावती सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार धीरज लिंगाडे ने भाजपा उम्मीदवार रणजीत पाटील को हराया  

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधान परिषद की पांच सीटों पर हुए चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा और बालासाहेबांची शिवसेना को विपक्ष के गठबंधन महाविकास आघाड़ी ने जोरदार झटका दिया है। महाविकास आघाड़ी ने तीन सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि भाजपा को एक सीट पर संतोष करना पड़ा है। वहीं एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई है। इस चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा के विदर्भ के किले में सेंध लगा दी है। कांग्रेस ने नागपुर विभाग शिक्षक सीट के बाद अमरावती विभाग स्नातक सीट पर भी कब्जा जमा लिया है। अमरावती स्नातक सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार धीरज लिंगाडे ने भाजपा के उम्मीदवार डॉ. रणजीत पाटील को हरा दिया है। अमरावती सीट पर लगातार दूसरे दिन भी शुक्रवार दोपहर तक वोटों की गिनती जारी रही। दूसरी वरीयता के मतों की गिनती पूरी होने के बाद लगभग 30 घंटे बाद चुनाव परिणाम घोषित किए गए। जिसमें कांग्रेस उम्मीदवार लिंगाडे को 46 हजार 344 वोट मिले हैं। जबकि भाजपा प्रत्याशी पाटील ने 42 हजार 962 मत प्राप्त किए हैं। लिंगाडे ने पाटील को 3 हजार 382 वोटों के अंतर से हराया है। पाटील उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बेहद करीबी माने जाते हैं। वह पूर्व की फडणवीस सरकार में गृह राज्य मंत्री भी थे। पाटील की हार से भाजपा को अप्रत्याशित रूप से झटका लगा है। इससे पहले गुरुवार देर रात तक विधान परिषद की चार सीटों के नतीजे स्पष्ट हो गए थे। जिसमें नाशिक विभाग स्नातक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार सत्यजीत तांबे ने शिवसेना समर्थित उम्मीदवार शुभांगी पाटील को हराया है। सत्यजीत को भाजपा ने अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन दिया था। नागपुर विभाग शिक्षक सीट पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी सुधाकर अडबाले से भाजपा समर्थित शिक्षक परिषद के उम्मीदवार नागो गाणार को हार मिली है। औरंगाबाद विभाग शिक्षक सीट पर राकांपा के उम्मीदवार विक्रम काले ने भाजपा के प्रत्याशी किरण पाटील को पराजित किया है। वहीं कोंकण विभाग शिक्षक सीट पर भाजपा उम्मीदवार ज्ञानेश्वर म्हात्रे ने शेतकरी कामगार पक्ष (शेकाप) के उम्मीदवार बालाराम पाटील को मात दी है। 

कांग्रेस को एक सीट का फायदा, भाजपा को नुकसान 

विधान परिषद की पांच सीटों में से वर्तमान में महाविकास आघाड़ी के पास तीन और भाजपा के पास दो सीटें थीं। जिसमें कांग्रेस की एक, राकांपा की एक और शेकाप की एक सीट का समावेश था। लेकिन इस चुनाव में भाजपा को एक सीट का नुकसान हुआ है। जबकि कांग्रेस को एक सीट का फायदा हुआ है। अब महाविकास आघाड़ी के पास तीन सीटें हैं। जिसमें कांग्रेस के पास दो, राकांपा के पास एक सीटें हैं। वहीं एक सीट भाजपा और एक सीट निर्दलीय के कब्जे में हैं।

विप की पांच सीटों पर जीते उम्मीदवार 

सीट                               जीते उम्मीदवार                             हारे उम्मीदवार                     
अमरावती स्नातक सीट    धीरज लिंगाडे (कांग्रेस)                     रणजीत पाटील (भाजपा) 
नाशिक स्नातक सीट        सत्यजीत तांबे (निर्दलीय)                शुभांगी पाटील (शिवसेना समर्थित)
नागपुर शिक्षक सीट         सुधाकर अडबाले (कांग्रेस समर्थित)    नागो गाणार (भाजपा समर्थित) 
औरंगाबाद शिक्षक सीट     विक्रम काले (राकांपा)                     किरण पाटील (भाजपा)
कोंकण शिक्षक सीट         ज्ञानेश्वर म्हात्रे (भाजपा)                  बालाराम पाटील (शेकाप)  
 

Created On :   3 Feb 2023 10:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story