मंत्रिमंडल विस्तार न किए जाने पर कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिंदे सरकार के गठन के 15 दिन बीत जाने के बावजूद मंत्रिमंडल विस्तार न किए जाने को लेकर कांग्रेस पार्टी ने राज्य सरकार पर निशाना है। महाराष्ट्र कांग्रेस समिति के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे ने कहा कि शिंदे-फडणवीस सरकार का मंत्रिमंडल 15 दिन बाद भी अस्तित्व में नहीं आया है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का दुपहिया ही सारा कामकाज देख रहा है। राज्य में मूसलाधार बरसात से हाहाकार मचा हुआ है। 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और लाखों हेक्टेयर खेती पानी में डूब गई है। लोंढे ने कहा कि शिंदे-फडणवीस के सत्ता पिपासू प्रवृत्ति के चलते सरकार तो बन गई है लेकिन राज्य में शासन प्रशासन का अस्तित्व नहीं है और महाराष्ट्र अनाथ हो गया है। लोंढे ने कहा कि उपमुख्यमंत्री के पास अभी कोई विभाग नहीं है। मुख्यमंत्री कार्यालय में भी प्रशासन व्यवस्था काम नहीं कर रही है। पिछले15 दिनों से सिर्फ पिछली सरकार के फैसले रद्द करने और भाजपा सरकार के फैसलों को फिर से लागू करने का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद राज्य के किसानों, मजदूरों और आम लोगों के हित से जुड़े फैसले लेने के बजाय मुंबईकरों को नुकसान पहुंचाने वाला आरे कारशेड का फैसला लिया गया। सरपंच, नगराध्यक्ष का चुनाव सीधे कराने का भी फैसला हुआ है जबकि महाविकास आघाडी सरकार ने दोनों फैसले रद्द कर दिए थे। लोंढे ने कहा कि ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री कैमेरा एक्शन में फंसकर वीडियोजीवी हो गए हैं और बाढ़ से परेशान लोगों की मदद नहीं कर पा रहे हैं। राज्य की हालत अंधेर नगरी चौपट राजा जैसी हो गई है। ओबीसी आरक्षण को लेकर हमसे सवाल पूछने वाले अब अदालत में ठीक तरीके से अपना पक्ष भी नहीं रख पा रहे हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार जल्द-शिंदे
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द ही कर दिया जाएगा। गुरूवार को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए शिंदे ने यह बात कही। वही उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाविकास आघाडी सरकार में डेढ़ महीने सिर्फ पांच मंत्री थे लेकिन हम वैसा नहीं करेंगे और मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द ही कर दिया जाएगा।
Created On :   14 July 2022 8:46 PM IST