9 अगस्त से राज्यभर में निकलेगी कांग्रेस की पदयात्रा, खाद्यान्न जीएसटी के खिलाफ आंदोलन करेगी पार्टी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कांग्रेस के उदयपुर चिंतन शिविर के बाद प्रदेश कांग्रेस के शिर्डी चिंतन शिविर में हुए फैसलों पर अमल के लिए प्रदेश कांग्रेस ने 100 दिनों का कार्यक्रम घोषित किया है। जिसके तहत आगामी 9 अगस्त से 15 अगस्त के दौरान राज्य के सभी जिलों में केंद्र सरकार के खिलाफ पदयात्रा निकाली जाएगी। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने यह जानकारी दी। पटोले ने बताया कि हर जिले में 75 किलोमीटर की पद यात्रा निकाली जाएगी। साथ ही 2 अक्टूबर से भारत जोड़ो कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यपाल की दोहरी भूमिका के चलते महाराष्ट्र में असंवैधानिक सरकार बनी है। पटोले ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि सुप्रीम कोर्ट इस मामले में न्याय करेगी। पटोले ने कहा कि केंद्र सरकार ने खाद्यान्न पर 5 फीसदी जीएसटी लगा दिया है। इससे मंहगाई और बढ़ेगी। इसके खिलाफ प्रदेशभर में जोरदार आंदोलन किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में पटोले ने कहा कि पार्टी के भीतर एक व्यक्ति-एक पद का सिद्धांत लागू किया जा रहा है। संगठन चुनाव पूरे होने के बाद दो-दो पदों पर कार्यरत पदाधिकारियों को एक पद से हटाया जाएगा।
मंहगाई से ध्यान हटाने हिंदु-मुस्लिम
वाशिम में परीक्षा में भाग लेने आई मुस्लिम छात्रा का हिजाब हटवाए जाने को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि दरअसल भाजपा बढ़ती मंहगाई से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए सांप्रदायिक मुद्दों को आगे कर रही है। उन्होंने कहा कि अमरावती मामले में आरोपी वहां की सांसद का कार्यकर्ता रहा है। इसी तरह उदयपुर में दर्जी कन्हैया की हत्या के आरोपी भी भाजपा के कार्यकर्ता रहे हैं।
बाक्स
अतिवृष्टि पीड़ितों की मदद करे सरकार
प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर भारी वर्षा से प्रभावित लोगों को मदद पहुंचाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने भारी वर्षा की वजह से मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख और प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर 50 हजार रुपए की मदद देने की मांग की।
18 जुलाई 2022
Created On :   18 July 2022 9:22 PM IST