दो दिनों में चार मंत्री हुए कोरोना संक्रमित, नागपुर में 754 नए मरीज, विदर्भ में बढ़ा संक्रमण

CORONA : Four Ministers infected in two days, 754 new patients in Nagpur
दो दिनों में चार मंत्री हुए कोरोना संक्रमित, नागपुर में 754 नए मरीज, विदर्भ में बढ़ा संक्रमण
दो दिनों में चार मंत्री हुए कोरोना संक्रमित, नागपुर में 754 नए मरीज, विदर्भ में बढ़ा संक्रमण

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच मंत्रियों के भी इसके चपेट में आने के मामले बढ़ रहे हैं। दो दिनों में ठाकरे सरकार के चार मंत्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, इसमें राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे भी शामिल हैं। इसके पहले राज्य के जलसंसाधन मंत्री और राकांपा प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल और एफडीए मंत्री राजेंद्र शिगणे भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। राज्यमंत्री बच्चू कडू दूसरी बार कोरोना की चपेट में आए हैं। उन्होंने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। फिलहाल वे आइसोलेशन में हैं। इसके पूर्व राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली थी। नाशिक के विभागीय आयुक्त राधाकृष्णआ गमे के भी कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी मिली है।

राकांपा का जनता दरबार स्थगित

कोरोना संक्रमण बढ़ता देख राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने पार्टी कार्यालय में लगने वाले मंत्रियों के जनता दरबार को फिलहाल स्थगित कर दिया है। राकांपा ने जनता दरबार को अगले दो सप्ताह तक आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। आम लोगों की शिकायतों को जानने और उनका निराकरण करने के लिए राकांपा के प्रदेश कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा था। इसमें महाविकास आघाड़ी सरकार में शामिल राकांपा के कैबिनेट और राज्यमंत्री शामिल होते थे। 

विदर्भ में बढ़ रहे कोरोना के मामले

पिछले 24 घंटे में जिले में 5649 नमूनों की जांच की गई। जिसमें 754 नए मरीज मिले। 8 लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही 234 डिस्चार्ज किए गए। कुल संक्रमितों की संख्या 141782 हो गई है। कुल मृतक 4261 और कुल डिस्चार्ज 131904 हो गए हैं।  

अमरावती और वर्धा में फिर से लगे प्रतिबंध 

विदर्भ में कोरोना की रफ्तार कुछ कम हो चुकी थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से फिर से संक्रमितों की संख्या में इजाफा होने लगा है। अमरावती, यवतमाल और वर्धा जिले में शनिवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक आवश्यक सेवाओं को छोड़ सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से लेकर आवाजाही बंद रखने के आदेश जारी हो चुके हैं। 

साकोली का साप्ताहिक बाजार एक बार फिर बंद हो चुका है। वर्धा जिले में जो नए मरीज मिले थे, उनके स्वैब के नमूने पुणे की प्रयोगशाला में भेजे गए थे, जिसमें कोरोना का कोई नया स्ट्रेन न होने की पुष्टि हो गई है। 

शुक्रवार को अमरावती जिले में 1 व्यक्ति कोरोना से जंग हार गया, जबकि 598 नए मरीज भी पाए गए।

वर्धा में 108 तथा यवतमाल में 126 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 

यवतमाल में 2 लोगों ने कोरोना से जूझते हुए दम तोड़ दिया।  

चंद्रपुर में भी 1 व्यक्ति की मौत के साथ 23 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। 

गड़चिरोली में 13 तथा गोंदिया में 6,

इसी प्रकार भंडारा में 18 लोग संक्रमण के शिकार बताए जा रहे हैं।

अकोला में 2 की मौत, 256 नए पॉजिटिव

अकोला जिले में तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण के बीच शुक्रवार को 2 मरीजों की इलाज के दौरान मौत से मृतकों की संख्या बढ़कर 348 हो गई है, 256 नए संक्रमित पाए जाने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 13,396 तक पहुंच गई। 37 लोग डिस्चार्ज किए जाने से घर लौटने वाले बढ़कर 11,431 हो गए हैं। कोरोना विस्फोट के बीच अब 1,624 एक्टिव केस में उपचार जारी है। 

वाशिम जिले में शुक्रवार को 98 नए संक्रमित पाए गए हैं, जिससे कुल संक्रमित बढ़कर 7,264 हो गए है। इलाजरत 10 लोगों के स्वस्थ होने से अब ठीक होने वालों की संख्या 6,675 हो गई है। मृतकों की संख्या 156 पर स्थिर है तथा 302 एक्टिव मरीज है।

बुलढाणा जिले में शुक्रवार को 1 महिला समेत 2 की मौत हो गई तथा कोरोना के 271 नए संक्रमित पाए जाने के बाद अब मरीज 15,630 तथा मृतकों की संख्या 183 हो गई है। 66 मरीजों के ठीक हो जाने से अब 14,386 मरीज स्वस्थ हो कर घर लौट चुके हैं तथा 1052 एक्टिव मरीजों का इलाज जारी है।



 

 

Created On :   19 Feb 2021 4:39 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story