खराब बीज के कारण बर्बाद हुई कपास की फसल, 12 लाख किसानों ने की शिकायत 

Cotton crop wasted due to poor seed, 12 lakh farmers complained
खराब बीज के कारण बर्बाद हुई कपास की फसल, 12 लाख किसानों ने की शिकायत 
खराब बीज के कारण बर्बाद हुई कपास की फसल, 12 लाख किसानों ने की शिकायत 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश में अब तक 12 लाख किसानों ने खराब बीज के कारण कपास की फसल चौपट होने की शिकायत राज्य सरकार के पास की है। इसमें से अधिकांश किसान विदर्भ और मराठवाड़ा अंचल के हैं। बोंडअली (सफेद तिल्ली) ग्रस्त किसानों ने बीज कंपनियों के खिलाफ सरकार से शिकायत की है। बुधवार को मंत्रालय में वसंतराव नाईक खेती स्वावलंबन मिशन के अध्यक्ष किशोर तिवारी ने यह जानकारी दी। तिवारी ने बताया कि किसानों ने कहा है कि हमने कंपनियों के कहने के आधार पर कपास के बीज लिए थे पर कीड़े लगने से फसलें नष्ट हो चुकी हैं। तिवारी ने कहा कि किसानों ने अब तक लगभग 6 हजार करोड़ रुपए का दावा बीज कंपनियों के खिलाफ किया है। उन्होंने कहा कि कपास नियंत्रण कानून के तहत बीज कंपनियों को किसानों को नुकसान भरपाई देनी पड़ेगी। तिवारी ने कहा कि राज्य में कपास के बीज के लिए पहली बार इतने बड़े पैमाने पर किसान कंपनियों के खिलाफ खुल कर सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में पंजीकृत 216 कंपनियां कपास के बीज किसानों को उपलब्ध कराती हैं।

लगभग 80 लाख किसानों को खरीफ फसल कर्ज देने की तैयारी 

इससे पहले प्रदेश के कृषि मंत्री पांडुरंग फुंडकर ने नागपुर विधानसभा में बोंडअलीग्रस्त प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर 15 हजार रुपए मदद देने की घोषणा बीते 22 दिसंबर को की थी। इस साल खरीफ सत्र में लगभग 80 लाख किसानों को नए सिरे से फसल कर्ज मिलने की उम्मीद है। इसमें कर्ज माफी के लाभार्थी किसानों के अलावा उन किसानों का भी समावेश होगा जो पहली बार कर्ज लेना चाहते हैं। मंत्रालय के वॉर रूम में बैठक के बाद खेती स्वावलंबन मिशन के अध्यक्ष श्री तिवारी ने कहा कि हमने सरकार से खरीफ सत्र के लिए किसानों को मई महीने में ही कर्ज उपलब्ध कराने की मांग की है।

किसानों ने किया 6 हजार करोड़ का दावा

राज्य में बैंकों द्वारा 1 लाख करोड़ रुपए का कर्ज बांटने की मांग की गई है। तिवारी ने कहा कि हम चाहते हैं कि राज्य भर में कैम्प लगा कर किसानों के द्वार पर कर्ज उपलब्ध कराया जाए। तिवारी ने कहा कि कर्ज उपलब्ध कराने की व्यवस्था के लिए सरकार के पास तीन महीने का समय है। किसानों को यदि समय पर कर्ज मिलेगा तो वह सही तरीके से बुवाई कर सकेंगे। तिवारी ने बताया कि राज्य में अभी तक 48 लाख किसानों की 24 हजार करोड़ रुपए की कर्ज माफी हो चुकी है। अभी लगभग 24 लाख किसानों को और कर्ज माफी का लाभ मिलेगा।  

Created On :   10 Jan 2018 9:28 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story