Crime : ब्यूटी और मसाज पार्लर की आड़ में देह व्यापार, घूसखोर क्लर्क और सिपाही गिरफ्तार

Crime: Body trade, bribe clerk and constable arrested under the guise of beauty and massage parlor
Crime : ब्यूटी और मसाज पार्लर की आड़ में देह व्यापार, घूसखोर क्लर्क और सिपाही गिरफ्तार
Crime : ब्यूटी और मसाज पार्लर की आड़ में देह व्यापार, घूसखोर क्लर्क और सिपाही गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति द्वारा शहर में देह व्यापार का अड्डा चलाने की सूचना मिलने पर मंगलवार को अपराध शाखा के सामाजिक सुरक्षा दस्ते ने रामदासपेठ स्थित निर्वाणा ब्यूटी एवं मसाज पार्लर में छापा मारा। संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आरोपी प्रबंधक को गिरफ्तार किया। दो महिलाओं को उनके चंगुल से मुक्त कराया। जनवरी 2021 को इसका उद्घाटन हुआ था। पश्चिम बंगाल के विभूतिबाला बिसेन नामक व्यक्ति ने इसे शुरू किया था। उसके लिए गौरवदास विश्वास दास नामक व्यक्ति लड़कियों का इंतजाम करता है। गौरवदास और विभूतिबाला पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। बतायाजाता है कि, विभूतिबाला महीना-पंद्रह दिन में नागपुर आता है। लॉकडाउन में पार्लर बंद था। दो-तीन पहले ही इसे शुरू किया गया था। रामदापसेठ जैसे रिहायशी क्षेत्र में पार्लर की आड़ में देह व्यापार होने की सूचना अपराध शाखा के सामाजिक सुरक्षा विभाग को  मिली थी। पुष्टि होने से मंगलवार की शाम को पुलिस ने फर्जी ग्राहक (पंटर) मसाज पार्लर में भेजा। सौदा पक्का होने पर संकेत मिलते ही सादे लिबास में बाहर खड़ी पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने पार्लर के प्रबंधक अग्रदीप विमलदास (20) को िगरफ्तार िकया और उसके चंगुल से 32 और 23 वर्ष की दो महिलाओं को मुक्त कराया। पार्लर वातानुकूलित है। 

घूसखोर क्लर्क और सिपाही गिरफ्तार

वहीं धरमपेठ जोन के एक वरिष्ठ क्लर्क और सोनेगांव यातायात शाखा के सिपाही को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। आरोपी वरिष्ठ क्लर्क राजेंद्र शंकरराव गजभिये (55) और सिपाही बिपिन शंकरराव महाजन (32) है। राजेंद्र को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ और सिपाही महाजन को 500 रुपए की मांग करने पर एसीबी ने गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से मनपा और यातायात पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मंगलवार को एसीबी की अधीक्षक रश्मि नांदेड़कर और अपर पुलिस अधीक्षक  मिलिंद तोतरे के मार्गदर्शन में अलग- अलग स्थानों पर दस्ते ने कार्रवाई की। एसीबी से जुड़े सूत्रों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग धरमपेठ जोन क्र.-2 महानगर पालिका नागपुर के वरिष्ठ क्लर्क राजेंद्र गजभिये को एसीबी ने 10,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। राजेंद्र पर अंबाझरी थाने में मामला दर्ज किया गया। राजेंद्र के खिलाफ भंडारा रोड पारडी निवासी महिला ने एसीबी से शिकायत की थी। महिला का पति मनपा के धरमपेठ जोन क्र.-2 स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त सफाई कर्मचारी है।  पति बीमार रहने के कारण महिला सेवानिवृत्ति वेतन संबंधी जानकारी लेने के लिए धरमपेठ जोन  के स्वास्थ्य  विभाग में गई। वहां वरिष्ठ क्लर्क राजेन्द्र शंकरराव गजभिये से उसने मुलाकात की। पेंशन और छुट्टी के पैसे के बारे में गजभिये से पूछताछ की। इस दौरान  गजभिये ने छुट्टी के पैसे निकालकर देने के बदले में 10 हजार रुपए रिश्वत महिला से मांगी। 

एक्टिवा व मोबाइल छीनकर भागे दो लुटेरे पकड़े गए

एक युवक पर हमला कर उसकी एक्टिवा और मोबाइल लूटकर भागे दो लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम अंकित निमजे (25), स्वामी नगर, ठक्करग्राम और प्रफुल उर्फ  चिंटू वानखेड़े (23), खटिकपुरा, शीतला माता मंदिर पांचपावली निवासी है। पुलिस ने लुटेरों से  एक्टिवा और मोबाइल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार न्यू बीडीपेठ, आशीर्वाद नगर रोड, सक्करदरा निवासी 23 वर्षीय रोहित मिश्रा को 5 जून को रात करीब 9 बजे लुटेरों ने शीतला माता मंदिर के पास ठक्करग्राम में अपना शिकार बनाया था। रोहित की शिकायत पर पांचपावली पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज किया। 6 जून को गुप्त सूचना पर पुलिस ने आरोपियों की खोजबीन करते हुए स्वामी नगर, ठक्करग्राम परिसर से पकड़ा। लुटेरों ने रोहित को लूटने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों से 40 हजार रुपए की एक्टिवा (एम.एच.-49-बी.एफ.-1437) और 20 हजार रुपए का मोबाइल जब्त किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रमोद खंडार कर रहे हैं। 

गाली देने पर उतारा मौत के घाट

कमाल चौक में सोमवार की रात अधेड़ व्यक्ति की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने भूरया उर्फ सोनू अब्दुल शकूर (22) को गिरफ्तार किया है। अारोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पांचपावली के वरिष्ठ थानेदार संजय मेंढे के अनुसार मृतक को आस-पास के लोग बोरकर नाम से पुकारते थे। मृतक के बारे में बेगर होम से भी जानकारी मांगी गई। बोरकर  घटनास्थल के आस-पास के इलाके में भिक्षा मांगकर जीवन-यापन करता था। उसे सोल्यूशन से नशा करने की आदत थी। आरोपी भूरया उर्फ सोनू भी फुटपाथ  पर ही जिंदगी काट रहा था। उसे भी पंक्चर बनाने वाले सोल्यूशन को सूंघकर नशा करने की आदत है। दोनों साथ में सोल्यूशन का नशा करते थे। घटना के दिन शनिचरा बाजार में एक सब्जी दुकान के चबूतरे पर बैठकर दोनों ने नशा किया। इस दौरान बोरकर ने भूरया को मां की गाली दी। भूरया को मां नहीं है। मां की गाली देने पर भूरया को गुस्सा आ गया और उसने पास ही पड़ा एक बड़ा पत्थर उठाकर बोरकर के सिर पर दे मारा और  वहां से भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही पांचपावली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद आरोपी भूरया को घटना के करीब आधे घंटे बाद ही दबोच लिया। पूछताछ में भूरया ने बोरकर की हत्या करने की बात स्वीकार की है। 

मां से मिलकर लौट रहे व्यक्ति को लूटने वाले 2 गिरफ्तार

वृद्ध मां से मिलने के बाद अपने घर जा रहे 57 वर्षीय मिलिंद पाटणकर काे चाकू दिखाकर मोबाइल छीनकर ले जाने वाले दो आरोपी आकाश रामटेके (19), चंद्रमणि नगर, अजनी और शुभम बालगुहेर (19), चंद्रमणि नगर, अजनी निवासी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार रसिका अपार्टमेंट, विश्वकर्मा नगर निवासी मिलिंद पाटणकर को 2 जून को आरोपी आकाश और शुभम ने राजकमल चौक से जादू महल चौक के बीच जीत स्टेशनरी के पास रोड पर लूट लिया था। घटना के बाद मिलिंद ने अजनी थाने में शिकायत की। पुलिस ने धारा 392, 34 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने  फुटेज व तकनीकी का सहारा लेकर दोनों आरोपियों को 7 जून को गिरफ्तार किया। दाेनों आरोपी चंद्रमणि नगर गार्डन के पास लूटपाट के इरादे से घूम रहे थे। पुलिस ने मोबाइल बरामद किया है।

विशाखापट्टनम-नई दिल्ली एक्स. में मिला 1.27 लाख का गांजा

सोमवार-मंगलवार की रात करीब 12.20 बजे रेलवे पुलिस बल ने प्लेटफार्म नं.-1 पर पहुंची विशाखापट्टनम-नई दिल्ली एक्सप्रेस की एक आरक्षित बोगी से 1 लाख 27 हजार 470 रुपए का गांजा बरामद किया। गांजा सीट के नीचे रखे दो बैग में भरा हुआ था। रेलवे पुलिस बल को सूचना मिली थी कि, विशाखापट्टनम-नई दिल्ली ट्रेन से गांजे की तस्करी की जा रही है। आरक्षक बबन मौर्य, भागवत बाजड़ व मुकेश चौहान ने प्लेटफार्म पर ट्रेन रुकते ही एस-2 बोगी में प्रवेश किया और सीट क्र.-65 के नीचे रखे दो लावारिस बैग बरामद किए। बैगों से गांजे की महक आ रही थी। तुरंत आरपीएफ कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी गई। पश्चात बैग ट्रेन से उतारकर प्लेटफार्म पर रखे गए। जांच पड़ताल में दोनों बैग से 12 किलो 747 ग्राम गांजा बरामद भरा हुआ था। बैग से कुछ कपड़े भी बरामद हुए हैं। बाजार में गांजे की कीमत 1 लाख 27 हजार 470 रुपए बताई जा रही है। जब्त गांजा पंचनामे के बाद लोहमार्ग पुलिस के हवाले कर दिया गया है। जांच जारी है।

कबाड़ी सहित दो गिरफ्तार चोरी के आठ मामले उजागर

गिट्टीखदान क्षेत्र में सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी के स्टोर रूम का ताला तोड़कर तांबे का तार, लोहे के एंगल चुराने वाले एक कबाड़ी सहित दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों का नाम योगेश उर्फ  लक्की रमेश शाहू  (25), साईंबाबा नगर, खरबी, वाठोड़ा और  राजू भवरे  (22), रामटेके नगर झोपड़पट्टी, अजनी निवासी है। फरार आरोपी  नितीन रेवडिया की तलाश गिट्टीखदान पुलिस कर रही है। पूछताछ में योगेश शाहू से चोरी के 8 मामले उजागर हुए। आरोपी राजू भवरे कबाड़ी है। योगेश और नितीन रेवडिया से चोरी का माल लेकर राजू उसे ठिकाने लगाता था। पुलिस के अनुसार मानवसेवा नगर निवासी आलोक अग्रवाल (41) काटोल रोड स्थित सीपीडब्ल्यूडी काॅलोनी  के स्टोर कीपर हैं। उन्होंने अज्ञात चोरों ने स्टोर रूम का ताला तोड़कर तांबे के तार, लोहे के एंगल सहित करीब 2 लाख 20 हजार रुपए का माल चोरी होने की शिकायत गिट्टीखदान थाने में दर्ज कराई थी। पश्चात पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी योगेश शाहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार की। योगेश की निशानदेही पर पुलिस ने राजू को गिरफ्तार किया। आरोपी योगेश और राजू करीब डेढ़ साल से फरार थे। राजू से तांबे का तार जब्त किया गया है। उपायुक्त विनीता साहू व सहायक पुलिस आयुक्त  सुधीर नंदनवार के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक  गजानन कल्याणकर ने कार्रवाई की।

बुजुर्ग पर हमला, भाई से भी की मारपीट

श्वान के काटने की शिकायत करने पर से आहत पड़ोसियों में विवाद हाे गया। हनुमान नगर निवासी रवींद्र भजनघाटे (67) की पड़ोसी मनीष त्रिवेदी, पुत्र अभिषेक, अभिजीत, हर्षवर्धन महेश शाहू, इंद्रजीतसिंह सैनी (41) ने लाठी से पिटाई कर दी। यह देख उनका भाई सुनील पहुंचा तो नाक पर हाथ के कड़े से प्रहार कर घायल कर दिया। मामले को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। इस बीच दोनों परिवारों के खिलाफ अजनी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। श्वान के काटने पर की थी शिकायत :रवींद्र भजनघाटे (67) और मनीष त्रिवेदी का परिवार हनुमान नगर में एक-दूसरे के पड़ोसी हैं। कुछ दिन पहले मनीष के पालतु श्वान ने रवींद्र को काट लिया था। इसकी शिकायत रवींद्र ने मनपा और अजनी थाने में की थी। 

जुआ खेल रहे 6 आरोपी धराए  56,015 रुपए का माल जब्त

जूना पुलिस स्टेशन अंतर्गत आने वाले नागसेन नगर परिसर में सोमवार की शाम 5.45 से 8 बजे के दरम्यान सुशील सुधीर शेंडे के बंद मकान में जुआ खेलने की जानकारी पुलिस को मिली। पुलिस ने छापा मार कर 6 जुआरियों को जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़ा। आरोपियों में शुभम विजय पाटील (22) नागसेन नगर, समीर अनिल डोंगरे (20) नागसेन नगर, रजत प्रमोद गजभिये (25) नागसेन नगर, सैयद रेहान व. सैयद मुमताज (27) नागसेन नगर और मकान मालिक सुशील सुधीर शेंडे (21) को जुआ कानून की धारा 4, 5 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने 6 आरोपियों से एक ओपो कंपनी का मोबाइल कीमत 11 हजार रुपए, सैमसन कंपनी का मोबाइल कीमत 15 हजार, विवो कंपनी का मोबाइल कीमत 12 हजार, विवो कंपनी का माेबाइल 10 हजार सहित नकद 7 हजार 990 व जुए की सामग्री इस प्रकार कुल 56 हजार 15 रुपए का माल जब्त किया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुल शिरे के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक यूनुस शेख, बीट मार्शल कर्मचारी फैजुर रहमान, महेश कठाने, पंकज मारसिंगे, विजय सुभेकर, महिला पुलिस सिपाही स्वाति चटोले आदि ने की।

ट्रेन से भागने का प्रयास कर रहे दुष्कर्म के 3 आरोपी पकड़ाए

झारखंड के देवघर जिले के देवीपुर में एक नाबालिग से दुष्कर्म कर फरार हुए तीन आराेपियों को लोहमार्ग पुलिस व रेलवे पुलिस बल नागपुर ने गोंदिया रेलवे स्टेशन पर हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस से गिरफ्तार किया। आरोपियों में राजेश भीम मंडल (21), राधेश्याम उर्फ लेखो लक्ष्मण मंडल (24) व विजय बिरजू मंडल (20) का समावेश है।  आरोपी सोमवार, 7 जून को एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद ट्रेन संख्या 02834 हावड़ा- अहमदाबाद एक्सप्रेस में टाटानगर से गुजरात भागने का प्रयास कर रहे थे। झारखंड पुलिस की सूचना पर लोहमार्ग पुलिस अधीक्षक एस.एम. राजकुमार व मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। आरोपियों को झारखंड पुलिस के हवाले कर दिया गया है। 

Created On :   9 Jun 2021 11:05 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story