होटल में पकड़ाया लुटेरों का गिरोह, दो गुटों में चाकूबाजी-2 युवक जख्मी

Crime related news in last few hours, Gang of robbers caught in hotel
होटल में पकड़ाया लुटेरों का गिरोह, दो गुटों में चाकूबाजी-2 युवक जख्मी
पिछले कुछ घंटों में क्राइम से जुड़ी खबरें होटल में पकड़ाया लुटेरों का गिरोह, दो गुटों में चाकूबाजी-2 युवक जख्मी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। क्राइम ब्रांच की टीम ने बर्डी स्थिति एक होटल में छापा मारकर लुटेरों के अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों ने शुक्रवार को नंदनवन थानांतर्गत चाबी बनाने का झांसा देकर बुजुर्ग के घर से नकदी और आभूषण उड़ाए थे। कांच फोड़कर कारों से कीमती माल उड़ाने समेत अन्य घटनाओं में भी आरोपी लिप्त होने की आशंका जताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में रमेश हेटसिंह चावला (33), खुर्साबाद, जिला बडवानी, मध्य प्रदेश, ईश्वरसिंह नूरबिनसिंह चावला (20), ग्राम उर्मती, जिला बडवानी,  मध्य प्रदेश और गुरुबीरसिंह भीरसिंह चौहान (29), उड़ाना, सूरत, गुजरात निवासी है। आरोपियों के एक 16 वर्षीय साथी को भी हिरासत में लिया गया है। आरोपी केडीके कॉलेज के पास दर्शन कालोनी में चाबी बनाने का काम करने का झांसा देकर पांडुरंग नवघरे (73) के घर में गए। पांडुरंग ने एक चाबी बनवाने के बाद आरोपियों ने अलमारी की चाबी बनवाने के िलए दबाव बनाया। साथ ही बताया कि, एक चाबी गुम होने पर दूसरी काम में आएगी। झांसे में आकर पांडुरंग ने अलमारी की चाबी उन्हें दी। आरोपियों ने उससे दूसरी चाबी बनाई और ओरिजनल चाबी को टेड़ा कर दिया और उसे तोड़ दिया, ताकि अलमारी न खुले। पश्चात आरोपी दूसरे दिन आने और ताला दुरुस्त कर चाबी बनाने का झांसा देकर चलते बने। इस बीच आरोपियों ने पांडुरंग का ध्यान भटकाकर अलमारी से  20 हजार रुपए नकद और सोने के आभूषण, कुल 2 लाख 91 हजार रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। अलमारी की चाबी टूटने पर दूसरे दिन पांडुरंग दूसरे चाबी वाले को लेकर आए और अलमारी खोलने पर चोरी होने का खुलासा हुआ। नंदनवन थाने में प्रकरण दर्ज किया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम को आरोपी बर्डी स्थित होटल सह्याद्री में ठहरे होने का पता चला। होटल संचालक राजू अवचट को आरोपियों के फुटेज दिखाए। उसने आरोपी हाेटल में 7 अगस्त से कमरा नं.-104 में ठहरे होने की जानकारी दी। पुलिस ने छापा मारकर आरोपियों को दबोच लिया। सभी आरोपी अापराधिक घटनाओं में अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद वह भाग जाते थे, लेकिन इस बार पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। शहर में घटित अन्य प्रकरणों में भी आरोपी लिप्त होने की आशंका है। 


तीन युवकों ने ट्रासंपोर्टर से मारपीट कर छीने 20 हजार 

बुटीबोरी एमआईडीसी में ट्रांसपोर्टर से 3 युवकों ने मारपीट कर 20 हजार रुपए लूटने का मामला सामने आया। इस घटना के बाद उद्योजकों में भय का माहौल बना हुआ है। घटना बुटीबोरी एमआईडीसी के भारकस एरिया में परफेक्ट बायोटेक कंपनी के सामने 13 अगस्त शाम 7 बजे की है। बुटीबोरी के जॉन्सन लिफ्ट कंपनी में आए ट्रान्सपोर्टर का सिलेंडर खत्म होने पर भारकस गांव में सिलेंडर लाने फरियादी पूरणसिंह महिपालसिंह (22)  हरियाणा व इनका मित्र पैदल जा रहे थे। इस बीच भारकस निवासी आरोपी सागर गजानन खेटे (20), निखिल विठ्ठल नेहारे (21) सुरगांव, जिला- वर्धा व एक नाबालिग ऐसे तीन लोगों ने पूरणसिंह से मारपीट की और 20 हजार छीनकर फरार हो गए।  पूरणसिंह को बुटीबोरी के निजी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। घटना की जानकारी पुलिस को मिलते ही आरोपी को पकड़ा गया। बुटीबोरी एमआईडीसी पुलिस ने भादंवि की धारा 394, 34 के तहत मामला दर्ज किया। हिंगणा कोर्ट में 14 अगस्त को पेश किया गया। जहां से निखिल नेहारे को सेंट्रल जेल पास किया गया। सागर खेटे को जमानत मिली। वहीं नाबालिग को सूचनापत्र देकर छोड़ा गया।                                                                                                                     

दो गुटों में चाकूबाजी... 2 युवक जख्मी

वहीं पांचपावली क्षेत्र में दो गुटों में हुई चाकूबाजी में दो लोग जख्मी हो गए। दोनों पक्षों पर पांचपावली पुलिस ने मामला दर्ज िकया है। पुलिस के अनुसार महेंद्र नगर, निवासी परवीन बानो अकबर अली (48) ने शिकायत दर्ज कराई है। परवीन ने पुलिस को बताया कि, उनके बेटे अजहर अली (28) का गत 12 अगस्त को आरोपी आबिद अली के बेटे राजा अली से विवाद हुआ था। 13 अगस्त को शाम करीब 5 बजे आरोपी आबिद अली, उसका बेटा राजा अली, दानिश अली  और जमशेद अली रॉड, चाकू और पत्थर लेकर उसके घर में घुसे और बेटे अजहर अली पर हमला कर दिया। इस हमले में अजहर को शरीर पर काफी गंभीर चोटें आईं। अजहर का मेयो अस्पताल में उपचार शुरू है। पांचपावली थाने में आरोपी आबिद, राजा, दानिश और जमशेद पर धारा 326, 452, 34 व सहधारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है।  इस मामले में दूसरे पक्ष के महेंद्र नगर निवासी जमशेद अली शकीर अली (30) ने भी पांचपावली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जमशेद का आरोप है कि, जब 13 अगस्त को वह घर में मौजूद था, तब पड़ोसी अजहर अली गाली-गलौज करने लगा। अजहर को समझाने का प्रयास किया तो  उसने चाकू से हमला कर दानिश को जख्मी कर दिया। चाचा के साथ भी मारपीट की। जख्मी दानिश का भी मेयो अस्पताल में उपचार शुरू है। पांचपावली पुलिस ने आरोपी पर धारा 326, 323, 504 व सहधारा 135 के तहत मामला दर्ज किया।

ट्रांसपोर्टर की 2 कारों के कांच फोड़े

उत्तर नागपुर के गुरुनानकपुरा में एक ट्रांसपोर्टर और उसके बड़े पिता की कार को एक्टिवा पर आए अज्ञात आरोपी ने निशाना बनाया। आरोपी ने ट्रांसपोर्टर देवेंद्र सिंह नरेंद्र सिंह चावला (41) प्लाट नंबर 14 गुरुनानकपुरा  और उनके बड़े पिता गुरुचरण सिंह की कार के सामने का कांच फोड़ दिया, जिससे उनकी कार का नुकसान हो गया। देवेंद्र ने बताया कि इसके पहले भी उनकी कार को एक लाल रंग की कार ने टक्कर मार दी, यह कार आज भी पांचपावली थाने में खड़ी है। इस कार को ले जाने आज तक कोई थाने नहीं आया है, जिससे देवेंद्र को लगता है कि कहीं यह चोरी की कार तो नहीं है, जिससे उनकी कार को टक्कर मारी गई थी। टक्कर मारनेवाले एक नशेड़ी को उस समय पुलिस के हवाले किया गया था। पुलिस ने उसे बाद में छोड़ दिया था। उसके कुछ समय बाद उनकी कारों के साथ फिर उक्त घटना हुई है। गुरुनानकपुरा के नागरिक कारों के कांच फोड़नेवाले आरोपियों से परेशान हैं। दोपहिया वाहन पर आकर की तोड़फोड़ : गुरू नानकपुरा निवासी देवेंद्र उर्फ बबलू चावला ने पांचपावली थाने में शिकायत की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके घर के पास उनके बड़े पिता गुरुचरण सिंह चावला की कार (एमएच 49 बी- 6775) और उनकी कार (एमएच 40 बीई- 2946) के सामने का अज्ञात आरोपी ने कांच फोड़ दिया। एक्टिवा वाहन पर आए आरोपी की करतूत उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोपी दोपहिया वाहन से आकर उनकी कारों के कांचों की पत्थर से तोड़फोड़ करता है। वह पत्त्थर को एक्टिवा पर रखकर लाया था। शनिवार को कार की साफ सफाई करने आए सफाईकर्मी को कार के कांच टूटे दिखे तब उसने देवेंद्र सिंह को जानकारी दी। देवेंद्र ने सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2.30 बजे की घटना है। पांचपावली पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की खोजबीन कर रही है। 

सात लाख की लूट के आरोपी गिरफ्तार

वहीं शुक्रवार को जनता चौक से सात लाख रुपए की लूट के मामले में सात आरोपियों को बुलढाणा से गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी तमिलनाडु के रहने वाले बताए गए। आरोपियांे ने मुत्तुकुमार सुखनिगम, गुना थानी काचलम, व्यंकटेश सोरेन, तिलकखन्था थानी, कीर्ति दुराई, भास्कर कठेरबेल थिरोई, गोबीनाथ गुरई सभी गांधीनगर तमिलनाडु के रहने वाले हैं। नागपुर पुलिस ने 20 घंटे मंे इन्हें गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया।  शुक्रवार को जनता चौक पर दीनदयाल मंसाराम रहांगडाले को झांसा देकर आरोपियों ने सात लाख की लूट की थी।

कांच फोड़कर कार से उड़ाया 1  लाख 30 हजार का माल

कस्तूरचंद पार्क में शुक्रवार को दिनदहाड़े किसी ने कार का कांच फोड़कर उसमें से कीमती सामान चुरा लिया। बर्डी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी का सुराग मिलना बाकी है। जलाराम नगर निवासी आदित्य अग्रवाल (22) शुक्रवार को दोपहर 12 बजे अपने रिश्तेदार एस. सिंघानिया के साथ श्रीमोहिनी कॉम्पलेक्स में यूटीआई के कार्यालय में गया था। उन्होंने अपनी कार (एम.एच.-49-बी.बी.-8289) कस्तूरचंद पार्क मैदान में पार्क की थी। किसी ने कार के पीछे के दरवाजे का कांच फोड़कर कार में रखा लैपटॉप, आईपैड, आईफोन, ऐसा कुल 1  लाख 30 हजार रुपए का माल चुरा लिया। 
 

तड़ीपार आरोपी व साथी खंजर व चाकू के साथ गिरफ्तार

उधर शांति नगर पुलिस ने एक तड़ीपार आरोपी करण जाधव और उसके साथी प्रतीक तिवारी नयापुरा, प्रेम नगर निवासी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से खंजर और चाकू बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को लालगंज, मेहंदीबाग पुल के नीचे 13 अगस्त को पकड़ा गया। गश्त के दौरान शांतिनगर थाने के हवलदार राजेश चंदेल ने गुप्त सूचना पर  उक्त कार्रवाई की। आरोपी घटनास्थल पर घातक शस्त्र लेकर उत्पात मचा रहे थे। करण एक वर्ष के लिए तड़ीपार है। बावजूद वह खुलेआम शहर में घूम रहा था। उसे  अमरावती में तड़ीपार किया गया था। आरोपी से लकड़गंज थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक्टिवा (एम.एच.-49-एस.-0560 जब्त की गई। आरोपियों पर विविध थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। वरिष्ठ थानेदार  जी.जे. जामदार के मार्गर्शन में कार्रवाई की गई। 

पत्तियां तोड़ते समय पेड़ से गिरे व्यक्ति की मौत

वहीं जरीपटका क्षेत्र में पंजाबी लाइन कामठी रोड पर अशोक के पेड़ की पत्तियां तोड़ते समय नीचे गिरने से गंभीर जख्मी हुए विशाल साखरे  (42) की मौत हो गई। घटना 13 अगस्त को हुई। पुलिस के अनुसार रामटेक निवासी विशाल मोतीबाग रेलवे क्वार्टर के सामने अशोक के पेड़ से पत्तियां तोड़ रहा था। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे बेहोशी की हालत में सदर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बारे में चरण सालिक परतेकी,  हिवरा-हिवरी,  तहसील रामटेक की सूचना पर जरीपटका पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया। 

घर में मृत अवस्था में मिला  व्यक्ति

इधर पांचपावली के रानी दुर्गावती चौक, आदर्श नगर में एक व्यक्ति का घर में शव मिला। मृतक संजय गजघाटे (48) है। घटना के बारे में पता चलने पर पांचपावली पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार रानी दुर्गावती चौक, आदर्श नगर के प्लॉट नं.-324 निवासी संजय गजघाटे शनिवार को घर में मृत अवस्था में पाए गए। घटना की सूचना मिलने पर पांचपावली थाने उप-निरीक्षक खंडार ने घटनास्थल पर पहुंचे। पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।    

शराब पिलाने से मना करने पर वृद्ध पर हमला

वहीं नंदनवन क्षेत्र में शराब पिलाने से मना करने पर शराबी युवक ने 60 वर्षीय वृद्ध अशोक जाधव को पावसी (सब्जी काटने का औजार) से हमला कर जख्मी कर दिया। आरोपी सुधीर चिवड़ (30) को नंदनवन पुलिस ने गिफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार नंदनवन झोपड़पट्टी में रहने वाले अशोक जाधव शनिवार को सुबह करीब 4.45 बजे कहीं जा रहे थे। इस दौरान सुधीर चिवड़, नंदनवन झोपड़पट्टी निवासी ने अशोक जाधव से शराब पिलाने के लिए कहा। अशोक ने मना किया तो सुधीर ने गाली-गलौज कर अशोक पर पावसी से हमला कर दिया। जख्मी अशोक काे अस्पताल पहुंचाया गया। घटना  के बाद अशोक के बेटे शुभम ने नंदनवन थाने में शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज किया। 

लड़की को लेकर दो युवक आपस में भिड़े

उधर एक लड़की  को लेकर दो युवक आपस में भिड़ गए। हमले में एक युवक घायल हो गया। शुक्रवार की रात सदर थाने में आरोपी युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। सतरंजीपुरा निवासी पवन तड़से (18) किसी कॉलेज में अध्ययनरत है। घटना वाले दिन शाम को पवन मित्रों के साथ कैफे में मैगी खाने गया था। वहां अक्षय मडावी नामक युवक भी अपने िमत्रों के साथ आया हुआ था। पुलिस के अनुसार पवन और अक्षय की एक लड़की से मित्रता है। लड़की को लेकर दोनों में पहले भी विवाद हुआ है। घटना वाले दिन दोनों का फिर सामना होने पर उनमें विवाद हुआ। इस दौरान अक्षय ने फाइबर के रॉड से पवन पर हमला किया और उसकी पिटाई की। पवन जख्मी होने पर मामला थाने पहुंचा। अक्षय के खिलाफ प्रकरण दर्ज िकया गया है। आरोपी फरार है।

 

Created On :   16 Aug 2021 12:45 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story