निजी बसों में उमड़ने लगी भीड़

डिजिटल डेस्क, नागपुर. होली को अभी 10 दिन से ज्यादा शेष हैं, लेकिन अभी से यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। शनिवार को मानस चौक से लेकर भोले-पेट्रोल पंप परिसर में निजी बसों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। कई बसों में तो बैठने के लिए भी जगह नहीं थी। ऐसे में कुछ निजी बस चालकों ने बसों का किराया बढ़ा दिया है। इधर ट्रेनों में भी प्रतीक्षा सूची लंबी होती जा रही है। ऐसे में यात्रियों के पास निजी बसों के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
एसटी बस व ट्रेन हाऊसफुल
होली पर्व परिवार के साथ मनाने कई लोग अपने घर लौट रहे हैं। विशेषकर मजदूर वर्ग। यह वर्ग मध्यप्रदेश के सिवनी, छिंदवाड़ा, मंडला, पचमढ़ी, बालाघाट आदि जगहों से नागपुर में काम करने के लिए आकर बसा है। होली के कारण मजदूरों के परिवार अपने घर लौट रहे हैं। जिससे एसटी बसों में भीड़ बढ़ गई है। दूसरी ओर ट्रेनें भी हाऊसफुल स्थिति में पहुंच गई हैं। यात्रियों को मजबूरी में निजी बसों की ओर रूख करना पड़ रहा है, जिसका फायदा कुछ निजी बस संचालक उठा रहे हैं। राज्य मार्ग परिवहन महामंडल की बसों में सिवनी का 150 रुपए किराया लिया जा रहा है। वहीं निजी बसों में 300 रुपए तक किराया लिया जा रहा है। छिंदवाड़ा जाने वाली बसों का भी यही हाल है। पचमढ़ी का किराया 295 रुपए है, वहीं निजी बसों में 400 रुपए तक किराया लिया जा रहा है।
छात्रों की दिक्कत भी बढ़ी
नागपुर के ज्यादातर युवा पुणे, मुंबई जाकर शिक्षा ले रहे हैं। अन्य त्योहारों में कम, लेकिन होली का त्योहार वे अपने परिवार के साथ मनाना चाहते हैं। ट्रेनों में भीड़ ज्यादा रहती है। यहां से फिलहाल जाने वालों की संख्या कम है, जिससे निजी ट्रेवल्स बस में किराया पुणे, मुंबई का एक हजार तक बना हुआ है, लेकिन होली के बाद यही किराया डेढ़ हजार तक पहुंच जाता है। इसके अलावा औरंगाबाद का 800 रुपए, कोल्हापुर का 1100 रुपए, शेगांव का 550 रुपए किराया बना हुआ है। इसकी तुलना में एसटी व ट्रेनों का किराया काफी कम है।
Created On :   26 Feb 2023 7:12 PM IST