दाभा–कुटकी मार्ग बंद, पोथरा बांध ओवरफ्लो होने से वाशी नदी के पुल पर से यातायात बंद

डिजिटल डेस्क, हिंगणघाट। वर्धा जिले के वडगांव व नांद बांध के दरवाजे शुक्रवार की सुबह खोले गए। इसके कारण वणा नदी में बाढ़ आ गई। दाभा-कुटकी मार्ग पर बने पुल के ऊपर से पानी बह रहा था। लिहाजा सुरक्षा के लिहाज से यह मार्ग बंद किया गया है। दरम्यान पुल से पानी बहते समय एक 30 वर्षीय युवक दोपहिया के साथ बीच में ही फंस गया था। शुक्रवार की सुबह वडगांव बांध के 19 दरवाजे 40 सेमी तक व नांद बांध के 7 दरवाजे 30 सेमी तक खोले गए हैं।
पोथरा बांध ओवरफ्लो होने से वाशी नदी के पुल पर से यातायात बंद
सप्ताहभर से तहसील में मूसलाधार बारिश व बुधवार को हुई अतिवृष्टि के कारण शेडेश्वर, लालनाला, पोथरा बांध ओवरफ्लो होने से वाशी नदी के पुल से यातायात बंद कर दिया है। बारिश के कारण हजारों हेक्टेयर क्षेत्र की फसल का नुकसान हुआ है।
नदी के किनारे बसे गांव को सतर्क रहने की चेतावनी
जिले के तीन प्रकल्प 100 फीसदी तथा 2 प्रकल्प 90 फीसदी क्षमता से भरे हैं। जलाशयों का पानी दरवाजे, स्पिलवे के माध्यम से बहने के कारण नदी के किनारे बसे गांव के लोगों से सतर्क रहने का आह्वान सिंचाई विभाग के बाढ़ नियंत्रण अधिकारी ने किया है।
Created On :   15 July 2022 10:12 PM IST