दाखिल हो चुका है खतरनाक शख्स, एनआईए ने पुलिस को किया सतर्क

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मुंबई पुलिस तो ईमेल भेज कर चेतावनी दी है कि सरफराज मेमन नाम का एक व्यक्ति मुंबई में दाखिल हो चुका है जो खतरनाक हो सकता है। मेमन चीन, पाकिस्तान जैसे देशों में आतंकी हमलों का प्रशिक्षण हासिल कर चुका है इसलिए एनआईए ने पुलिस को ज्यादा सावधानी बरतने की हिदायत दी है। सूचना मिलने के बाद मुंबई पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिस संदिग्ध के बारे में एनआईए ने सूचना दी है वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर का रहने वाला है। उसने चीन, हांगकांग और पाकिस्तान में प्रशिक्षण हासिल किया है। ईमेल के साथ एनआईए ने संदिग्ध के बारे में पुलिस को आरोपी से जुड़े आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, लीविंग सर्टिफिकेट जैसे दस्तावेज भी भेजे हैं। इसके अलावा आरोपी के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए मुंबई पुलिस ने इंदौर पुलिस से भी संपर्क किया है। एनआईए ने सरफराज मेमन को मुंबई के साथ-साथ पूरे देश के लिए खतरनाक बताया है। एनआईए से सूचना मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने अहम ठिकानों की निगरानी और बढ़ा दी है। मेमन किन जगहों पर ठिकाने बना सकता है और किन लोगों के संपर्क में हो सकता है इसकी छानबीन की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस आयुक्त विवेक फणसलकर खुद पूरे मामले पर नजर रख रहे हैं।
Created On :   27 Feb 2023 8:49 PM IST