भाजपा की महिला पदाधिकारी पर जानलेवा हमला, पार्टी का अंदरुनी विवाद हो सकता है कारण

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी की पदाधिकारी सुल्ताना खान पर रविवार ठाणे जिले के मीरा भायंदर इलाके में देर रात हमला हुआ है। मोटर साइकल पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने गाड़ी का कांच तोड़कर खान पर हमला किया। हमले में खान के हाथ में चोट लगी है और उन्हें इलाज के लिए इंदिरा गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। काशीमीरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। खान भाजपा महिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की महाराष्ट्र अध्यक्ष हैं। हमले के बाद वे डरी हुईं हैं और उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है इसलिए पुलिस ने फिलहाल उनका बयान दर्ज नहीं किया है। शिकायत के मुताबिक खान अपने पति समीर के साथ रात 11 बजे किसी डॉक्टर से मिलने जा रहीं थीं। इसी दौरान मोटर साइकल पर सवार चेहरा बांधे दो लोगों ने उनकी गाड़ी रोकी और कार का कांच तोड़कर गाली गलौज करते हुए उन पर धारदार हथियार से हमला किया। इस दौरान खान के पति ने शोर मचाया। आसपास के लोग जमा होने लगे तो आरोपी भाग निकले। सुल्ताना के पति ने संदेह जताया है कि पार्टी के भीतर का अंदरूनी विवाद हमले की वजह हो सकता है। पार्टी के वरिष्ठों को भी इसकी सूचना दी गई है।
Created On :   18 July 2022 10:18 PM IST