- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कोख में कर लिया सौदा, नवजात बच्ची...
कोख में कर लिया सौदा, नवजात बच्ची को खरीदने के मामले में दंपति गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। किराए की कोख खरीदने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। मजदूर दंपति की नजवात बच्ची को 50 हजार रुपए में खरीदने का मामला सामने आया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को भी पकड़ा। साथ ही पुलिस ने बच्ची खरीदने वाले दंपति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मोना अविनाश बारसागडे, उम्र 26 साल वाड़ी क्षेत्र के वैभव नगर की निवासी है। उसका पति मजदूर है। जब वह गर्भवती थी, तभी मनीष सूरज रतन मूंदड़ा उम्र 36 साल और उसकी पत्नी हर्षा मुंदड़ा उम्र 32 साल सेनापती नगर, दिघोरी निवासी ने मोना से किसी के जरिए संपर्क किया था।
बच्ची का नहीं चला पता
दर्ज शिकायत में मोना ने बताया है कि जब वह गर्भवती थी, तभी किसी के जरिए मूंदड़ा दंपति ने उससे संपर्क किया। उस दौरान मोना को मूंदड़ा दंपति ने बताया कि शादी के वर्षों बाद भी उन्हें औलाद नहीं हुई है। अगर मोना उन्हें अपनी संतान देती है, तो वह उन्हें रुपए देने को तैयार हैं। उस समय यह भी बताया गया था कि बेटी होने पर 50 हजार और बेटा होने पर ज्यादा रकम देंगे। मोना ने बेटी को जन्म दिया, तो 50 हजार रुपए देकर मोना से उसकी बच्ची ले ली। खरीदी गई नवजात का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। पुलिस निरीक्षक सीमा मेहंदले ने घटित मामला को लेकर संदेह जताया है कि मूंदड़ा दंपति अंतरराज्यीय स्तर पर किराए से कोख खरीदने और बेचने का धंधा करती है। मामला की गंभीरता से पुलिस ने मनीष और उसकी पत्नी हर्षा को गिरफ्तार किया है। मामला में लिप्त भारती नामक महिला अभी भी फरार है। भारती की महत्वपूर्ण भूमिका बताई जा रही है।
पुणे या नागपुर में हो सकती है बच्ची
मोना ने 22 तारीख को बच्ची को जन्म दिया था। बच्ची के खरीदी-बिक्री का सौदा धंतोली क्षेत्र में हुआ था। मामला को लेकर मूंदड़ा दंपति पुलिस को गुमराह कर रही है। भारती के बारे में भी उन्हें ठीक से जानकारी नहीं दी जा रही है। शुरुआती दौर में बच्ची के मध्य प्रदेश में होने की शंका थी, लेकिन बाद में बच्ची पुणे या नागपुर में ही होने का पता चला है। मूंदड़ा दंपति बच्ची को कानूनी रूप से लिए जाने का हवाला देकर पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास करती रही। जब पुलिस ने इसके दस्तावेज और सरोगेसी सेंटर दिखाने के लिए कहा, तो मूंदड़ा दंपति ने चुप्पी साध ली, जिससे यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि कहीं लाखों रुपए लेकर मूंदड़ा दंपति बच्चे खरीदने और बेचने के व्यापार में तो लिप्त नहीं है
स्लम क्षेत्र में फल-फूल रहा है धंधा
शहर के कई स्लम क्षेत्रों में किराए से कोख खरीदने और बेचने का धंधा फल-फूल रहा है। लेकिन कभी यह गिरोह पुलिस की पकड़ में नहीं आया है। ताजा मामले में गंभीर खुलासा होने की संभावना है। जांच जारी है।
Created On :   6 Dec 2017 11:33 PM IST