एयर इंडिया पेशाब कांड के आरोपी की तलाश में मुंबई पहुंची दिल्ली पुलिस 

Delhi Police reaches Mumbai in search of accused of Air India urine scandal
एयर इंडिया पेशाब कांड के आरोपी की तलाश में मुंबई पहुंची दिल्ली पुलिस 
नौकरी से निकाला  एयर इंडिया पेशाब कांड के आरोपी की तलाश में मुंबई पहुंची दिल्ली पुलिस 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। एयर इंडिया की फ्लाइट में बुजुर्ग महिला यात्री पर पेशाब करने वाले आरोपी शंकर मिश्रा की तलाश में शुक्रवार को दिल्ली पुलिस की टीम मुंबई पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से दिल्ली पुलिस आरोपी के कुर्ला इलाके में स्थित घर गई लेकिन घर पर ताला लगा मिला। पुलिस आरोपी के दूसरे ठिकानों पर भी खोजबीन में जुटी हुई है। वारदात पिछले साल 26 नवंबर को टाटा समूह की कंपनी एयर इंडिया की न्यूयार्क से नई दिल्ली की बीच चलने वाली उड़ान संख्या एआई 102 में हुई थी। बिजनेस क्लास की सीट संख्या 8ए पर बैठे नशे में धुत आरोपी ने खड़े होकर बगल की सीट पर बैठी 70 साल से ज्यादा उम्र की महिला पर पेशाब कर दिया था। मामले में महिला की शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोपी मिश्रा की तलाश में दिल्ली पुलिस की टीम शुक्रवार दोपहर मुंबई पहुंची और यहां नेहरू नगर पुलिस स्टेशन से संपर्क किया। आरोपी मिश्रा इंडियन चैप्टर नाम की बहुराष्ट्रीय अमेरिकी वित्तीय सेवा प्रदान करने वाली कंपनी में उपाध्यक्ष है। कंपनी का मुख्यालय अमेरिका के कैलिफोर्निया में है। पुलिस की टीम कुर्ला इलाके के कामगार नगर स्थित उसके बंगला नंबर बी47 में उसे तलाश करने पहुंची थी लेकिन घर बंद मिला। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस को जिस भी तरह के सहयोग की जरूरत होगी दिया जाएगा। वहीं आरोपी को खोजने के लिए दिल्ली पुलिस ने कई टीमें बनाई हैं। इस बीच कंपनी ने आरोपी मिश्रा को नौकरी से निकाल दिया है। 
 

Created On :   6 Jan 2023 9:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story