देशमुख ने कहा - महाराष्ट्र में कांग्रेस की दयनीय स्थिति के लिए प्रदेश अध्यक्ष पटोले जिम्मेदार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व विधायक डॉ आशिष देशमुख ने नाशिक स्नातक चुनाव में सत्यजित तांबे की बगावत से कांग्रेस की हुई किरकिरी के लिए महाराष्ट्र कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले को पद से हटाने की मांग करते हुए कहा है कि जब से पटोले ने प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभाली है तब से पार्टी को लगातार नुकसान झेलना पड़ रहा है और पार्टी दयनीय स्थिति में पहुंच गई है। पूर्व विधायक देशमुख ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें प्रदेश में पार्टी की चिंताजनक स्थिति का ब्यौरा पेश करने के साथ प्रदेश अध्यक्ष को हटाने का आग्रह किया। देशमुख ने पत्र में लिखा है कि फरवरी 2021 में प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद आने वाले दिनों में कांग्रेस को राज्य में एक नंबर की पार्टी बनाने के लिए मिलकर काम करने की बात कहीं थी, लेकिन वे प्रदेश अध्यक्ष होने के बाद से पार्टी की स्थिति और दयनीय हुई है। विदर्भ कांग्रेस का गढ़ माना जाता है, लेकिन उनकी कार्यशैली के कारण यहां भी पार्टी का जनाधार और खिसकता जा रहा है।
उन्होंने सत्यजित तांबे की बगावत का ताजा उदाहरण बताते हुए कहा है कि दिसंबर 2021 में विधान परिषद के लिए नागपुर सीट से कांग्रेस ने रवींद्र भोयर को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन मतदान के कुछ घंटे पहले निर्दलीय उम्मीदवार मंगेश देशमुख को उम्मीदवारी दी गई और यहां से भाजपा के चंद्रशेखर बावनकुले जीत गए। जून 2022 में विधान परिषद चुनाव में चंद्रकांत हंडोरे की जीत निश्चित थी और हाई कमांड के भी वैसे आदेश थे, बावजूद इसके इस आदेश के खिलाफ परिणाम आए। इतना ही नहीं 4 जुलाई 2022 को शिंदे-फडणवीस सरकार के बहुमत परीक्षण के दौरान कांग्रेस के 10 विधायक नदारद रहे। पटोले द्वारा इन तीनों मामलों की जांच करके हाई कमांड को रिपोर्ट भेजे जाने की बात कहीं थी, लेकिन आज तक न तो कोई कार्रवाई हुई और न ही किसी को जिम्मेदार ठहराया गया। देशमुख ने पत्र में कई मुद्दों का जिक्र करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष से इसका संज्ञान लेकर महाराष्ट्र में कांग्रेस की स्थिति सुधारने के लिए तत्काल प्रदेश अध्यक्ष बदलने का आग्रह किया।
Created On :   17 Jan 2023 7:28 PM IST