महिला का अवैध गर्भपात कर डॉक्टर पति-पत्नी हुए फरार- छापे में हाथ लगी दवाएं

डिजिटल डेस्क, पैठण, मुफीद पठान। तहसील के चित्तेगांव में डॉक्टर पति-पत्नी पर अवैध रूप से पाडली ग्राम की विवाहिता का गर्भपात कराने का आरोप लगा है। संबंधित महिला का सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने अस्पताल पर छापा मारा, तो उनके हाथ गर्भपात कराने की अनेक दवाएं लगीं। इस बीच, छापों की भनक लगते ही डॉक्टर पति-पत्नी फरार हो गए। अपुष्ट सूत्राें के अनुसार आरोपियों के पास डॉक्टरी व्यवसाय से संबंधित कोई डिग्री नहीं थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पांगरा रोड स्थित औरंगाबाद स्त्री रुग्णालय के नाम से मशहूर अस्पताल में डॉक्टर पति-पत्नी ने महिला का अवैध तरीके से गर्भपात कराया था। गर्भपात के बाद महिला की हालत बिगड़ती ही चली गई, जिसके चलते वह इलाज के लिए दूसरे निजी अस्पताल में गई। लेकिन, महिला की हालत नाजुक बने रहने पर संबंधित चिकित्सक ने उसे सरकारी अस्पताल भेज दिया जिसके बाद अवैध गर्भपात कराए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया। जानकारी तुरंत स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिन्होंने पुलिस की मदद से तत्काल अस्पताल पर छापा मारा, लेकिन तब तक आरोपी डॉक्टर पति-पत्नी फरार हो चुके थे।
गर्भपात सामग्री मिली
औरंगाबाद स्त्री रुग्णालय में जब छापा मारा गया, तो टीम को वहां बड़ी मात्रा में गर्भपात कराने की सामग्री मिली। यही नहीं, अस्पताल में सरकार द्वारा प्रतिबंधित अनेक दवाएं भी मिली हैं। शनिवार देर रात तक पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से पड़ताल की जा रही थी। इस कारण देर रात तक इस संबंध में पुलिस में मामला दर्ज नहीं हो सका था।
परली का कुख्यात मुंडे गर्भपात प्रकरण तो नहीं दोहराया जा रहा
परली के डॉ. सुदाम मुंडे व उसकी पत्नी सरस्वती मुंडे द्वारा बड़ी संख्या में अवैध रूप से गर्भपात कराने का प्रकरण 2012 में राज्य भर में गूंजा था। मामला विजयमाला पाटेकर की गर्भपात कराते समय मौत होने के बाद सामने आया था और मुंडे दंपति द्वारा अस्पताल में शुरू अवैध गर्भलिंग निदान व गर्भपात कराने का धंधा उजागर हुआ था। मामले में न्यायालय में मुंडे दंपति को 10 साल की सश्रम कारावस की सजा सुनाई थी। आशंका जताई जा रही है कि औरंगाबाद स्त्री रुग्णालय में भी ऐसी ही घटना दोहराई जा रही थी।
Created On :   5 Feb 2023 3:18 PM IST