- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- डीआरआई ने पकड़ा एक हजार करोड़ का...
डीआरआई ने पकड़ा एक हजार करोड़ का नशीला पदार्थ, अफगानिस्तान से लाया जा रहा था मुंबई

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नई मुंबई के न्हावा सेवा बंदरगाह से डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) और कस्टम विभाग ने संयुक्त कार्रवाई में एक हजार करोड़ रुपए की नशे की खेप बरामद की है। अधिकारियों के मुताबिक पकड़ी गई 191 किलो हेरोइन अफगानिस्तान से ईरान के रास्ते मुंबई लाई गई थी। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक की जांच में खुलासा हुआ है कि नशे को भारत में पहुंचाने का काला कारनामा लंबे समय से चल रहा है।

हेरोइन को प्लास्टिक की पाइपों में भरकर रखा गया था। इसे बाहर से इस तरह रंग दिया गया था, जैसे वह बांस के टुकड़े दिखे हैं। बरामद नशे की खेप को आयुर्वेदिक औषधि बताकर निर्यात किया गया था। मामले में जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है वे कस्टम हाउस एजेंट हैं। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मीननाथ बोडके और कोंडीभाऊ गुंजल है। बोडके नेरुल स्थित एमबी शिपिंग एंड लॉजिस्टिक के लिए काम करता था।
निर्यात से जुड़ी कागजी कार्रवाई इन्हीं दोनों ने की थी। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जेल में रखने से पहले दोनों आरोपियों की कोरोना संक्रमण की जांच भी की जाएगी। मामले में जांच एजेंसियों ने आयात करने वाले, फाइनेन्सर समेत चार और लोगों को हिरासत में लिया गया है।
Created On :   10 Aug 2020 5:48 PM IST