वन महोत्सव अभियान में रोपे गए मुरझाए हुए पौधे

डिजिटल डेस्क, वर्धा. राज्य सरकार के बेहद महत्वकांक्षी वन महोत्सव अभियान का शुभारंभ हर जिला स्तर पर 1 जुलाई से किया गया है। अभियान के तहत वर्धा जिले में 12 लाख 80 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, पर पहले दिन से ही इस अभियान की धज्जियां उड़नीी शुरू हो गई है। वन महोत्सव का शुभारंभ जिस आईटीआई परिसर में हुआ है, वहीं पर मुरझाए हुए पौधे रोपे गए हैं। विभाग की इस लापरवाही से अभियान पर सवाल उठ रहे हैं।
राज्य सरकार का यह बेहद महत्वाकांक्षी अभियान है और कलेक्टर शैलेश नवाल इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं। इस अभियान के संदर्भ में संबंधित अधिकारियों को वे पहले ही कड़े निर्देश दे चुके हैं। बावजूद इसके वन महोत्सव अभियान से आईटीआई पर मुरझाए हुए पौधे लगाए गए हैं। ठूंठनुमा पौधे लगाकर विभाग कौन सा लक्ष्य हासिल करना चाहता है, यह सवालिया निशान है। इसमें भी विशेष बात यह है कि आईटीआई परिसर में सांसद रामदास तड़स के हाथों विधायक पंकज भोयर, नगराध्यक्ष अतुल तराले, कलेक्टर शैलेश नवाल, जिले के सभी महत्वपूर्ण पदाधिकारी और अधिकारियों की उपस्थिति में पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ हुआ है। कलेक्टर की कड़ी चेतावनी के बाद भी संबंधित विभाग ने इस अभियान को ही मजाक बना दिया है, जिले के अधिकारी ही लापरवाही बरत रहे हैं। शुभारंभ के स्थल पर यह हाल है तो अन्य जगह क्या स्थितियां होगी, इसकी कल्पना की जा सकती है।
Created On :   3 July 2017 3:53 PM IST