बेतहाशा बढ़ रहा नशे के कारोबार, पिछले साल पकड़ी गई 4935 करोड़ की ड्रग्स

Drug business growing wildly, drugs worth 4935 crores were caught last year
बेतहाशा बढ़ रहा नशे के कारोबार, पिछले साल पकड़ी गई 4935 करोड़ की ड्रग्स
मुंबई बेतहाशा बढ़ रहा नशे के कारोबार, पिछले साल पकड़ी गई 4935 करोड़ की ड्रग्स

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध मौत के बाद मुंबई में चल रहे नशे के कारोबार और युवाओं में बढ़ती इसकी लत को लेकर खूब हो हल्ला मचा लेकिन महानगर में नशे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। आंकड़े बताते हैं कि मुंबई में साल 2022 में मुंबई में 4935 करोड़ रुपए से ज्यादा की ड्रग्स पकड़ी गई है। मुंबई पुलिस ने नशे के सेवन और कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साल भर में 11 हजार 487 लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। नशे के कारोबार के खिलाफ साल भर में कुल 11046 मामलों में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने विभिन्न मामलों में आरोपियों से कुल 3799 किलो नशे की खेप बरामद की है। इसके साथ नशे के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले 227 डॉट्स, 21368 टैबलेट और 3 हजार लीटर नशीले पदार्थ भी जब्त किए गए हैं। नशे के लिए मेफेड्रोन का सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जा रहा है। साल 2022 के दौरान मुंबई मेें पुलिस ने कुल 168 मामलों में 235 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 2450 किलो से ज्यादा एमडी बरामद की है। बरामद एमडी की कीमत 4886 करोड़ रुपए से ज्यादा है। पुलिस ने एमडी बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ किया था जहां से भारी मात्रा में एमडी बरामद की गई थी। इसके अलावा मुंबई पुलिस ने 31 मामलों में 37 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए करीब 15 करोड़ रुपए की हेरोइन भी बरामद की है। इसके साथ पुलिस ने नशे के कारोबारियों से 7 करोड़ की चरस, 3 करोड़ की कोकीन, 3 करोड़ का गांजा और दूसरे नशीले पदार्थ भी बरामद किए हैं।

पुलिस ने जो कार्रवाई की है उसमें नशे के सेवन करने वाले सबसे ज्यादा है। ड्रग्स के सेवन के आरोप में पुलिस ने 2022 में 10 हजार 530 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। महानगर में नशे का कारोबार किस तरह बढ़ रहा है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि साल 2021 में मुंबई पुलिस ने 151 करोड़ की ही ड्रग्स बरामद की थी जिसमें 46 करोड़ की हेरोइन और 32 करोड़ की एमडी शामिल थी। कार्रवाई के दौरान महानगर में साल 2021 में कुल 4134 किलो ड्रग्स बरामद की गई थी। जबकि साल 2020 में 28 करोड़ कीमत की 1111 किलो ड्रग्स बरामद करते हुए पुलिस ने 3510 मामलों में 3787 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। एंटी नार्कोटिक्स सेल के एक अधिकारी ने कहा कि पिछले दो सालों में कोरोना संक्रमण के चलते महानगर में कई तरह की पाबंदियां थी जिसका असर नशे के कारोबार पर भी पड़ा था लेकिन स्थिति सामान्य होने के बाद अब नशे के कारोबारी भी इसका फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

मुंबई में बेलगाम नशे का कारोबार

साल         मामले      गिरफ्तार   किलो ड्रग्स    कीमत
2022      11046      11487      3799           4935 करोड़
2021       7089       7526       4134           151 करोड़
2020       3510       3787        1111           28 करोड़
 

Created On :   6 Feb 2023 6:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story