- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- लूटपाट के लिए हुई थी दुबई के...
लूटपाट के लिए हुई थी दुबई के व्यापारी की हत्या - गिरोह के 6 गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ठाणे के शाहपुर इलाके में स्थित फार्महाउस में हुई दुबई के होटल व्यवसायी की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी लूटपाट करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े हुए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने लूटपाट के इरादे से फार्म हाउस में दाखिल हुए और विरोध करने पर सुरेश नुजाजे (48) नाम के व्यापारी की हत्या कर दी। आरोपियों ने आसपास के इलाकों में लूटपाट की 19 वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। शुक्रवार रात नुजाजे शाहपुर तालुका के शेलवली खंडोबाची गांव में स्थित अपने ओम नाम के बंगले में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी खिड़की की ग्रिल काटकर बेडरुम में दाखिल हुए। नुजाजे आहट सुनकर जाग गए इसके बाद आरोपियों ने उनकी हत्या कर दी और घर में रखी नकदी और सोने-चांदी के गहने लूटकर फरार हो गए। जुनाजे का दुबई में होटल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की थी। अपराध शाखा ने समानांतर जांच करते हुए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और खबरियों के जरिए मिली जानकारी के आधार पर भिवंडी इलाके से आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी महाराष्ट्र, और उत्तर प्रदेश के हैं। गिरफ्तार आरोपियों के नाम चमन चव्हाण, अनिल सालुंखे, संतोष सालुंखे, रोहित पिंपले, बाबूभाई चव्हाण और रोशन खरे है। संतोष सालुंखे जालना जिले के करमाड का रहने वाला है जबकि दो आरोपी अहमद नगर और तीन आरोपी उत्तर प्रदेश के झांसी के रहने वाले हैं।
गुब्बारे बेचने के बहाने रेकी
पुलिस ने बताया कि आरोपी गुब्बारे और दूसरे सामान बेंचने के बहाने दिन में सुनसान इलाकों में स्थित फार्महाउस और बंगलों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में चार पहिया और दुपहिया वाहनों पर मौके पर पहुंचकर वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों ने इसी तरह लूटपाट की दर्जनों वारदातें अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के पास से एक महिंदा कार और होंडा युनिकॉर्न मोटर साइकल जब्त की गई है।
Created On :   24 July 2019 10:30 PM IST