गड़चिरोली में तेज बारिश के कारण कई इलाकों का संपर्क टूटा

Due to heavy rains in Gadchiroli, many areas lost contact
गड़चिरोली में तेज बारिश के कारण कई इलाकों का संपर्क टूटा
रेड अलर्ट गड़चिरोली में तेज बारिश के कारण कई इलाकों का संपर्क टूटा

-14 लोग बाढ़ में बहे
-गाज गिरने से व बाढ़ में बहने से 9 की मौत, 7 लापता  
-अनेक बांधों के गेट खोले 

डिजिटल डेस्क,  गडचिरोली. जिलों में लगातार हो रही बारिश अब आफत बन गई है। बारिश के कारण नदी-नालों में बाढ़ आ गई है। बाढ़ में 14 लोग बह गए, जिसमें से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अब भी लापता है। वहीं गाज गिरने से दो की मौत हो गई। भारी वर्षा के चलते वर्धा और गड़चिरोली में अलर्ट जारी किया गया है। हजारों हेक्टेयर की फसल बर्बाद हो गई। वहीं अनेक निचले इलाकों में पानी भर गया। 

अमरावती शहर व जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार रात 10 बजे से बारिश शुरू हुई। जिले के ग्रामीण क्षेत्र चिखलदरा, तिवसा और चिंचोली गांव में अतिवृष्टि हुई है। इसी बीच मेलघाट में रात भर हुई मूसलाधार बारिश के कारण सिपना नदी में अायी बाढ़ में एक 32 वर्षीय युवक बह गया।  युवक का नाम कृष्ण लखन कास्देकर (32) है।  

वर्धा में लगातार बारिश के कारण गाज गिरने से दो की मौत हो गई, जबकि नाले में आयी बाढ़ में तीन लोग बह गए। तीनों के शव बराबद कर लिए गए हैं। डूबने वालों में दो बच्चों का समावेश है। मृत बच्चों के नाम प्रणय जगताप (14),  आदित्य शिंदे (15) है।  वर्धा के समीपस्थ सालोड हीरापुर परिसर में खेत में काम करने गए 15 मजदूर नाले में बाढ़ के कारण फंस गए।  प्रशासन द्वारा लाइफ सेविंग जैकेट की मदद से मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।  हिंगणघाट तहसील के लाल नाला प्रकल्प के  5 गेट खोल दिए गए। आर्वी तहसील के निम्र वर्धा बांध के 4 गेट खोले गए।  तलेगांव शामजीपंत में मूसलाधार बारिश के कारण  खेतों समेत घरों में पानी घुसने से काफी नुकसान हुआ है।  

यवतमाल जिले में भी मूसलाधार बारिश जारी है। चंद्रपुर जिले में बारिश के कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया। कुछ मार्ग बंद होने की जानकारी है।  जिले की 6 तहसीलों में अतिवृष्टि दर्ज की गई। इसी दौरान दो लोग बाढ़ में बह गए, जिसमें एक तीन वर्षीय बालिका की मौत हो गई।  जिले की भद्रावती तहसील केे टाकली गांव के नाला ओवरफ्लो हो गया। इस दौरान एक ऑटो यात्रियों को लेकर नाला पार करने लगा कि वे सभी बाढ़ में फंस गए।  सेना के एक जवान ने फंसे सभी पांच लोगों की जान बचाई। 

गड़चिरोली जिले में मूसलाधार बारिश के कारण रेड अलर्ट जारी किया गया है। नदी-नाले उफान पर है। फसल बर्बाद हो गई। अब तक आठ लोग बाढ़ में बह गए, जिसमें से पांच की मौत हो गई, जबकि तीन अब भी लापता हैं।  गोंदिया में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे कुछ देर तक हाई वे व शहर की सड़कों का आवागमन थम गया।  भंडारा जिले में निरंतर बारिश जारी है। इस दौरान गाज गिरने से अनेक पशुओं की मृत्यु होकर नुकसान की घटनाएं भी हुईं हैं।  इस बीच गोसीखुर्द बांध के 17 गेट खोले गए। 

 

Created On :   10 July 2022 8:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story