सेवाग्राम आश्रम में निर्मित महात्मा गांधी और मार्टिन लूूथर किंग के पुतले भेजे जायेंगे अमेरिका

डिजिटल डेस्क, वर्धा. सेवाग्राम स्थित गांधी आश्रम आजादी के आंदोलन का केंद्र रहा है। देश का यह ऐतिहासिक स्थल है। यहां बापू के विचारों से प्रेरणा लेने प्रतिदिन देश-विदेश से सैलानी आते हैं। इसी नगरी में बने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व मार्टिन लूथर किंग के पुतले जल्द ही अमेरिका जानेवाले हैं। पुतले देखने के लिए अमेरिका से बी. सी. बुटला 25 फरवरी को नई दिल्ली आ रहे हैं। उसके बाद जल्द ही सेवाग्राम आश्रम में बने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व अमेरिकी नागरिकों के अधिकारों के लिए संघर्ष करनेवाले प्रमुख नेता मार्टिन लूथर किंग के पुतले अमेरिका रवाना किये जायेंगे।
अश्वेतों के साथ हो रहे भेदभाव के खिलाफ और अफ्रिकी-अमेरिकी नागरिकों के अधिकारों के लिए आंदोलन करनेवाले मार्टिन लूथर किंग प्रमुख नेता थे। उन्हीं की याद में अमेरिका के न्यूयार्क में गांधी ग्लोबल सोसायटी की स्थापना की गयी है, जो दुनियाभर में शांति कायम करने के लिए प्रयास करती है। इस सोसायटी का 25 व 26 को नई दिल्ली में दो दिवसीय सम्मेलन हो रहा है। सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए गांधी ग्लोबल सोसाइटी (न्यूयार्क) से बी. सी. बुटला भी आ रहे हैं। इस दौरान उन्हें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व मार्टिन लूथर किंग के पुतले के मॉडल दिखाये जायेंगे। उसके बाद इन दोनों नेताओं के 50-50 पुतले अमेरिका रवाना किये जायेंगे।
अप्रैल में है मार्टिन लूथर किंग की पुण्यतिथि
अमेरिका में अहिंसक पध्दति से आंदोलन करने वाले मार्टिन लूथर किंग की 4 अप्रैल 1968 को गोली मारकर महज 39 वर्ष की आयु में हत्या की गयी थी। आगामी अप्रैल माह में उनकी 55 वीं पुण्यतिथि है। मार्टिन लूथर किंग की स्मृति में उनके व महात्मा गांधी के 50 पुतले स्थापित करने का कार्य आरंभ किया जायेगा।
महात्मा गांधी के 10 पुतले तैयार
महात्मा गांधी के महज 10 पुतले तैयार है। 27 फरवरी को दिल्ली से वापस आने के बाद तेजी से काम किया जायेगा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 50 व मार्टिन लुथर किंग के 50 पुतले तैयार किये जायेंगे। जिन्हंे लेकर स्वयं अमेरिका जाऊंगा । - जालंधरनाथ, मूर्तिकार व साधक, सेवाग्राम आश्रम प्रतिष्ठान.
Created On :   17 Feb 2023 7:59 PM IST