- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- विदर्भ के 2 लाख, राज्य भर में बदले...
विदर्भ के 2 लाख, राज्य भर में बदले जाएंगे 10 लाख बिजली मीटर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विदर्भ के करीब 2 लाख मीटर सहित प्रदेश के करीब 10 लाख 37 हजार सिंगल फेज के विद्युत मीटर आने वाले माह के अंदर बदल दिए जाएंगे। मीटर बदलते ही उसी समय मीटर क्रमांक के साथ मोबाइल एप के माध्यम से कम्प्यूटराईज प्रणाली में पंजीयन करना आवश्यक होगा। यह निर्देश महावितरण के प्रबंध निदेशक संजीवकुमार ने दिए हैं। वे मुंबई मुख्यालय में आयोजित राज्य में चल रहे विविध कार्यों की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। नागपुर परिमंडल अंतर्गत नागपुर शहर व ग्रामीण मंडल के 21 हजार 764 मीटर तथा वर्धा जिले में 21 हजार 193 मीटर बदले जाने हैं।
बैठक में उन्होंने कहा कि अचूक रीडिंग के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि, नए कनेक्शन देने के लिए भरपूर मीटर उपलब्ध कराए गए हैं। सिंगल फेज के और 30 लाख मीटर उपलब्ध होंगे। इसलिए खराब 10 लाख 37 हजार मीटर तुरंत एक माह में बदले जाएंगे। इसके बाद किसी भी उपभोक्ता के यहां खराब मीटर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि, मोबाइल एप से मीटर रीडिंग के कारण पारदर्शिता आई है, लेकिन अभी भी मीटर रीडिंग एजेंसीज सही मीटर रीडिंग नहीं ले रही हैं। इससे उपभोक्ता को परेशानी हो रही है और महावितरण को राजस्व की हानि हो रही है। इसके लिए क्षेत्रीय कार्यालय स्थानीय स्तर पर उपाय करें।
कहां कितने मीटर बदलने हैं
महावितरण के 16 परिमंडलों में 10 लाख 37 हजार मीटर बदलने हैं। इसमें से नागपुर परिक्षेत्र अंतर्गत 2 लाख, औरंगाबाद परिक्षेत्र में 1 लाख 85 हजार, कोकण परिक्षेत्र में 4 लाख 53 हजार तथा पुणे परिक्षेत्र में 1 लाख 98 हजार मीटर बदले जाएंगे। इसके लिए पूरे माह महावितरण विशेष मुहिम चलाएगी। बैठक में निदेशक संचालन दिनेशचंद्र साबू, निदेशक वित्त जयकुमार श्रीनिवासन, निदेशक संचालन अभिजीत देशपांडे, निदेशक वाणिज्य सतीश चव्हाण सहित प्रादेशिक व कार्यकारी संचालक व मुख्य अभियंता व अधिकारी शामिल हुए।
Created On :   8 April 2018 3:25 PM IST