- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कर्जमाफी के 25 किसानों में 3 को ही...
कर्जमाफी के 25 किसानों में 3 को ही मिला लाभ, बाकि को ग्रीन लिस्ट का इंतजार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जहां किसानों की कर्जमाफी को लेकर राज्य सरकार अपनी तारीफ करते नहीं थक रही है। वहीं जिलाधिकारी कार्यालय में जिन 25 किसानों का सम्मान कर उन्हें प्रमाण-पत्र सौंपे गए थे उनमें सिर्फ 3 किसानों की ही कर्जमाफी हुई है। किसानों को 34 हजार करोड़ की कर्जमाफी दी गई। दिवाली के एक दिन पहले कर्जमाफ करने की प्रक्रिया आरंभ की गई। 22 किसानों को अब तक ग्रीन कार्ड नहीं मिला है। खबर है कि पुणे स्थित राज्य सरकार का सूचना तकनीकी विभाग किसानों के कागजातों की जांच-पड़ताल कर मंजूर प्रकरणों की सूची जारी करता है। फिलहाल 22 किसानों को इस तकनीकी विभाग से क्लीयरेन्स नहीं मिला है। आधिकारिक सूत्रों ने इन किसानों का जल्द कर्ज माफ होने का दावा किया है। कहा गया है कि इन किसानों का रिकार्ड साफ है। कोई त्रुटि नहीं है, इसलिए जल्द सात-बारा भी कोरा होगा। बैंक द्वारा इनका रिकार्ड क्लीयर करने के बाद ही इनका सम्मान कर प्रमाण-पत्र दिए गए हैं।
बाकी किसानों का भी नाम जल्द क्लीयर होगा
जिला उपनिबंधक अधिकारी सतीश भोसले के मुताबिक 25 किसानों में 3 किसानों के नाम पहले ही मंजूर हो गए हैं। अन्य 22 किसानों के नाम भी जल्द ग्रीन सूची में आएंगे। इन किसानों का रिकार्ड साफ होने के बाद ही इनका सम्मान किया गया था। फिलहाल नागपुर जिले के 2299 किसानों को ग्रीन कार्ड मिल गया है। चरणबद्ध तरीके से सूची जारी की जा रही है। सभी किसानों का 1.50 लाख रुपए तक कर्ज माफ होगा।
किसान कर रहे आईटी विभाग की ग्रीन सूची का इंतजार
राज्य सरकार द्वारा की गई कर्जमाफी के लिए नागपुर जिले के 1 लाख 05 हजार किसानों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। इसमें नागपुर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक (एनडीसीसी) के 38629 और अन्य राष्ट्रीयकृत बैंकों के 66500 किसान शामिल हैं। इन किसानों पर 828 करोड़ रुपए का कर्ज है। फिलहाल पुणे के सूचना तकनीकी विभाग (आईटी) ने 2699 किसानों की ग्रीन सूची जारी की है। यानी यह किसान कर्जमाफी योजना के लिए लाभार्थी पात्र माने गए हैं।
ग्रीन कार्ड दिखाने के बाद अकाउंट में पैसा जमा होगा
आईटी विभाग द्वारा इन्हें ग्रीन कार्ड दिखाने के बाद अब इनके अकाउंट में पैसा जमा होगा और उसके बाद बैंक द्वारा लाभार्थी का अकाउंट ‘निल’ दिखाया जाएगा। इसके आधार पर उनका सात-बारा कोरा होगा। 1 लाख 05 हजार किसानों में कितने पात्र लाभार्थी होंगे, यह कहना मुश्किल है। सूत्रों ने बताया कि सरकार द्वारा कर्जमाफी योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन मंगवाने से सभी ने आवेदन किया है। इसमें पात्र और अपात्र सभी लाभार्थी शामिल हैं। किसानों को अब आईटी विभाग द्वारा जारी की जा रही ग्रीन सूची का इंतजार है। जैसे-जैसे सूची जारी हो रही है, किसानों की धड़कनें बढ़ रही हैं।
Created On :   12 Nov 2017 5:26 PM IST