किसान 31 तक शासकीय केंद्रों पर बेच सकेंगे धान

डिजिटल डेस्क, गोंदिया. जिले में शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर किसानों के खरीफ मौसम की धान की खरीदी इन दिनों तेजी से चल रही है। शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर अपना धान बेचने के इच्छुक किसानों को पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य होता है। अधिक से अधिक किसानों को शासकीय धान खरीदी योजना का लाभ मिल सके। इसके लिए शासन की ओर से तीन से चार बार रजिस्ट्रेशन की अवधि बढ़ाकर दी गई। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2023 थी, जो अब समाप्त हो चुकी है। इसके बाद यह समयावधि और बढ़ाकर देने की संभावना नहीं है। जिसे देखते हुए अब वही किसान धान खरीदी केंद्रों पर अपने धान की बिक्री कर सकेंगे। जिन्होंने 15 जनवरी से पूर्व अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। जबकि धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी है। इसलिए योजना का लाभ उठाने के इच्छुक किसानों को इस तिथि से पूर्व ही अपनी धान केंद्रों पर बिक्री करना होगा। जिसके बाद धान की खरीदी बंद हो जाएगी। शासन ने इस वर्ष शासकीय धान खरीदी की दर 2040 रुपए प्रति क्विंटल तय की है। जिले में अब तक कुल मिलाकर एक लाख 14 हजार 356 किसानों ने ऑनलाइन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाया है।
इनमें से अब तक लगभग 92 हजार किसानों से 32 लाख क्विंटल धान की खरीदी जिला मार्केटिंग फेडरेशन के धान खरीदी केंद्रों पर की गई है। शासन की ओर से इस बार जिला मार्केटिंग फेडरेशन को 39 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य दिया गया है। जिसमें से 32 लाख क्विंटल की खरीदी हो चुकी है। अब शेष बचे 15 दिनों में 7 लाख क्विंटल धान खरीदा जा सकता है। अभी भी लगभग 22 हजार किसान ऐसे हैं जिन्होंने रजिस्ट्रेशन तो करवा लिया है, लेकिन अब तक धान की बिक्री शासकीय खरीदी केंद्रों पर नहीं की है। फेडरेशन ने किसानों से केंद्रों पर धान बिक्री कर योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया है।
Created On :   18 Jan 2023 7:37 PM IST