- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- दो बाघिनों की जमकर हुई लड़ाई, घातक...
दो बाघिनों की जमकर हुई लड़ाई, घातक हमले में एक की मौत

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर। सिंदेवाही तहसील के चारगांव इलाके के जंगल में दो बाघिनों के बीच वर्चस्व की लड़ाई हुई। इस दौरान दोनो ने एक दूसरे पर जानलेवा हमला किया। इस हमले में एक बाघिन ने दम तोड़ दिया। हमले में मृत बाघिन का वजन लगभग 100 किलो बताया जा रहा है। उसकी लंबाई 1.65 मीटर है। बाघिन की उम्र 3 वर्ष बताई गई है। पलजगांव जाट कम्पार्टमेंट के कक्ष क्र. 1266 चारगांव (डोंगरगांव) में मंगलवार सुबह 9 से 10 बजे के दौरान बाघिन की मौत होने की जानकारी नागरिकों ने वन विभाग को दी। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
लड़ाई में बाघिन को 500 मीटर तक घसीटने के निशान
दो बाघिनों की लड़ाई में एक की मृत्यु होने की जानकारी पशुवैद्यकीय अधिकारी डॉ. पी.आर. खोब्रागड़े, डॉ. उदय कोराणे और डॉ. ढोक ने दी। उसकी गर्दन, पीठ और कंधे पर जख्म पाए गए हैं। इस लड़ाई में बाघिन को 500 मीटर तक घसीटने के भी निशान मिले हैं। जांच के वक्त घटनास्थल पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपवनसंरक्षक कुलराजसिंह, सहायक वनसंरक्षक पी.एन. मेश्राम, सिंदेवाही वनक्षेत्र अधिकारी आर.एस. गोंड उपस्थित थे।
बाघिन का पोस्टमार्टम
बाघिन का पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान वाईल्ड लाइफ संघ के कार्यकर्ता उपस्थित थे। बता दें कि गत दो माह से सिंदेवाही तहसील में बाघिन और तेंदुए की दहशत थी। निरंतर उनके दर्शन ग्रामीणों को हो रहे थे। एक माह पूर्व आशा निकोड़े नामक महिला को बाघ ने मार दिया था। आठ दिन पूर्व लोणवाही में तेंदुए को पिंजरे में कैद किया गया।
लड़ाई में गई जान
एन.आर. मेश्राम, सहायक वनसंरक्षक अधिकारी ब्रह्मपुरी के मुताबिक बाघिन की मृत्यु दो बाघिनों की लड़ाई में हुई है। मृत बाघिन की गर्दन, पीठ और कंधे पर जख्म पाए गए हैं। वहीं दूसरी बाघिन भी इस लड़ाई में जख्मी हो गई।
Created On :   24 Jan 2018 12:17 AM IST