गुरू साटम गिरोह के पांच आरोपी गिरफ्तार, बिल्डर से वसूली का आरोप

Five accused of Satyam gang arrested, threaten to builder for money
गुरू साटम गिरोह के पांच आरोपी गिरफ्तार, बिल्डर से वसूली का आरोप
गुरू साटम गिरोह के पांच आरोपी गिरफ्तार, बिल्डर से वसूली का आरोप

डिजिटल डेस्क, मुंबई। एक बिल्डर को वसूली के लिए धमका रहे पांच आरोपियों को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी विदेश में बैठे गुरू साटम के गिरोह से जुड़े थे। शिकायतकर्ता बिल्डर आरोपियों को 60 लाख रुपए दे चुका था लेकिन मांग जारी रही तो परेशान होकर उसने मामले की शिकायत पुलिस से की। आरोपियों में मुंबई मनपा का एक सफाई कर्मचारी भी है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम राजेश आंब्रे, अमोल विचारे, भरत सोलंकी, बिपिन धोत्रे और दीपक लोढीया उर्फ राजेश है।

आरोपी परेल इलाके के एक बिल्डर को पैसों के लिए लगातार धमका रहे थे। आरोपी उससे अब तक 60 लाख रुपए वसूल चुके थे। इसके बावजूद आरोपियों की मांग जारी रही तो परेशान बिल्डर ने मामले की शिकायत मुंबई पुलिस से की। दरअसल जिस बिल्डर से आरोपी वसूली कर रहे थे उस पर राजन गिरोह से जुड़े लोगों ने 1995 में फायरिंग की थी। इससे डरा हुआ बिल्डर साटम गिरोह की मांग भी पूरी कर रहा था। मामले का मुख्य आरोपी राजेश आंब्रे है जो साटम के साथ भी लगातार संपर्क में रहता था। आंब्रे के खिलाफ 50 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस को आरोपियों के बारे में सुराग उस वक्त मिला जब आंब्रे ने एक ही नंबर से साटम से बात करने के बाद बिल्डर को भी फोन कर दिया। पुलिस के मुताबिक साटम अपने गिरोह को फिर से सक्रिय करने की कोशिश कर रहा है। इसीलिए वह शहर के कई व्यवसायियों से जुड़ी जानकारी इकठ्ठा कर रहा था। जिससे उन्हें वसूली के लिए धमकाया जा सके। पहले मंचेकर गिरोह से जुड़ा और कुछ दिनों पहले ही हत्या के मामले में 10 साल कैद की सजा काटकर छूटा विचारे और  लोढिया व्यवसायियों से जुड़ी जानकारी साटम तक पहुंचा रहे थे।

इसके अलावा बीएमसी कर्मचारी सोलंकी व्यवसायियों को वसूली के लिए धमकाता था और धोत्रे पैसों का हिसाब रखने के साथ-साथ वसूले गए पैसे विदेश में बैठे साटम तक पहुंचाता था। हफ्ता निरोधक प्रकोष्ठ के सीनियर इंस्पेक्टर अजय सावंत ने बताया कि छानबीन में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने इलाके के कई व्यापारियों को धमकाया है। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को 21 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।  

Created On :   13 July 2018 2:58 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story