मुख्यमंत्री ने कहा - फार्मूला हो गया है तय, हम ऊंट पर बैठ कर बकरी नहीं हाकते 

Formula is decided, the expansion of the cabinet will happen soon
मुख्यमंत्री ने कहा - फार्मूला हो गया है तय, हम ऊंट पर बैठ कर बकरी नहीं हाकते 
मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द मुख्यमंत्री ने कहा - फार्मूला हो गया है तय, हम ऊंट पर बैठ कर बकरी नहीं हाकते 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दावा किया है कि राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर भाजपा के साथ फार्मूला तय हो गया है। शिंदे ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द हो जाएगा। शुक्रवार को  मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि चिंता मत करिए। मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द हो जाएगा। हालांकि उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार की कोई तारीख नहीं बताई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सरकार ने अभी एक महीने का कार्यकाल भी पूरा नहीं किया है। फिर भी हमने किसानों और गरीबों के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम कर रही है। इसलिए सरकार को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं 30 जुलाई को नाशिक और 31 जुलाई को औरंगाबाद के दौरे पर जाऊंगा। इस दौरान विभिन्न विकास कामों की समीक्षा करूंगा। साथ ही भारी बारिश और बाढ़ के कारण हुए नुकसान की स्थिति के बारे में जानकारी हासिल करूंगा। 

हम ऊंट पर बैठ कर बकरी नहीं हाकते 

विधानसभा में विपक्ष के नेता अजित पवार के आपदा प्रभावित किसानों को मदद नहीं मिलने को लेकर की गई आलोचना पर मुख्यमंत्री ने जवाब दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के नेता अजित देर से विदर्भ के दौरे पर पहुंचे हैं। मैंने और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बाढ़ के समय ही विदर्भ का दौरा किया था। हम ऊंट पर बैठ कर बकरी को नहीं हाकते हैं। प्रशासन के लोगों ने आपदा प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने का काम किया है। भारी बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का पंचनामा दो से तीन दिनों में पूरा होगा। इसके बाद सरकार आपदा प्रभावित किसानों को उचित मदद करेगी। 

दही हांडी त्यौहार पर होगी सार्वजनिक छुट्टी 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में दही हांडी त्यौहार पर सार्वजनिक छुट्टी घोषित करने के बारे में राज्य के मुख्य सचिव मनुकुमार श्रीवास्तव को निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के कई जिलों में जिलाधिकारी सार्वजनिक छुट्टी घोषित करते हैं। लेकिन पूरे राज्य में सार्वजनिक छुट्टी घोषित करने के संबंध में मुख्य सचिव को निर्देश दिए जाएंगे। इसके पहले शिवसेना के बागी शिंदे गुट के ठाणे के विधायक प्रताप सरनाईक ने मुख्यमंत्री से दही हांडी के दिन सार्वजनिक छुट्टी देने की मांग की थी। 

 

Created On :   29 July 2022 8:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story