.. जानिए किस बात पर एक-दूसरे के खून का प्यासा हो गया परिवार ?

डिजिटल डेस्क,बम्हनीबंजर. बम्हनी के समीपी गांव तिलई में जमीनी विवाद पर जानलेवा हमला हुआ है। यहां धारदार हथियार तलवार, फरसा, भाले से 6 लोगों ने हमला किया, जिसमें 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें सीएचसी बम्हनी में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलो के बयान दर्ज किए है। पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक गांव तिलई के सुंदरदास बासन का अपने ही परिवार के सौतेले भाई से जमीन विवाद चल रहा है। एसडीएम न्यायालय से फैसले के बाद सौतेले भाई ने गांव के भांवरे परिवार को ढाई एकड़ जमीन बेच दी। जिसके बाद भांवरे परिवार खेत में खरीफ फसल की बोवनी के लिए गया।
दोपहर करीब दो बजे सुंदरलाल बासन खेत पहुंच गया। उसने बोवनी करने से मना किया लेकिन भांवरे परिवार के लोग नहीं माने। जिस पर विवाद हो गया। योजनाबद्ध तरीके से सुंदर, मुरली, सावित्री बासन समेत तीन अन्य लोग धारदार हथियार तलवार, फरसा और भाला लेकर पहुंच गये। छह लोगों ने भांवरे परिवार पर हमला बोल दिया। इसमें प्रकाश पिता रमेश भांवरे, रमेश पिता कुंवरलाल भांवरे, टीकराम पिता कुंवर लाल भांवरे, ओमकार पिता खुशीराम भांवरे, बलदेव पिता कुंवरलाल भांवरे, गोदावरी बाई, मंगली बाई और पति बाई के सिर, हाथ, पैर में गंभीर चोट है। उपचार के लिए बम्हनी बंजर अस्सपताल में भर्ती कराया गया है। बम्हनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
Created On :   3 July 2017 10:20 AM IST