भाजपा सदस्यता के नाम पर धोखाधड़ी,   बोगस वेबसाइट से अंतरराष्ट्रीय लूट

Fraud on the name of bjp membership, loot from bogus website
भाजपा सदस्यता के नाम पर धोखाधड़ी,   बोगस वेबसाइट से अंतरराष्ट्रीय लूट
भाजपा सदस्यता के नाम पर धोखाधड़ी,   बोगस वेबसाइट से अंतरराष्ट्रीय लूट

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भाजपा सदस्यता अभियान के नाम पर धोखाधड़ी होने लगी है। बाकायदा बोगस वेबसाइट खोलकर लोगों को लूटा जा रहा है। युवाओं से लूट के इस मामले की शिकायत शहर पुलिस के साइबर सेल में पहुंची है। पुलिस ने शिकायत की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी अपराध दर्ज नहीं किया गया है। उधर, भाजपा सदस्यता अभियान के प्रमुख रामदास आंबटकर ने इस मामले की पार्टी स्तर पर जांच कराने के साथ ही लोगों से सचेत रहने का आह्वान किया है। गौरतलब है कि भाजपा ने अखिल भारतीय स्तर पर सदस्यता अभियान शुरू किया है। महाराष्ट्र में इस अभियान के तहत सबसे अधिक सदस्य जोड़ने का लक्ष्य भाजपा ने रखा है। इसके लिए बूथ से लेकर जिला स्तर पर विविध अभियान चलाए जा रहे हैं। मिस्ड काल के माध्यम से सदस्यता पंजीयन के अलावा ऑनलाइन पंजीयन की व्यवस्था भी भाजपा ने की है। 

रुपए भेजते ही साइट पर एरर 
शिकायतकर्ता अनिरुद्ध शर्मा के अनुसार, भाजपा के अभियान का लाभ उठाकर इंटरनेट पर बोगस पंजीयन अभियान भी चल रहा है। शर्मा शिवाजीनगर धरमपेठ निवासी है। वह स्पर्धा परीक्षा की तैयारी कर रहा है। शर्मा के अनुसार, उसने गूगल पर डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डाट बीजेपी ओआरजी वेबसाइट की हूबहू साइट पर ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन के साथ 105 रुपए की मांग की गई। साइट पर बताए गए बैंक खाता नंबर पर 105 रुपए भेजे गए। रुपए भेजते ही साइट पर एरर आने लगा। डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाट बीजेपी डाट ओआरजी आबलिक इएन आबलिक ज्वाइन द बीजेपी नाम की वह वेबसाइट बाद में बोगस साबित हुई। इस मामले की शिकायत पहले अंबाझरी पुलिस थाने में दी। बाद में साइबर सेल में शिकायत दी।

आईपी कैलिफोर्निया का
शर्मा के अनुसार, जिस बैंक  अकाउंट पर रुपए भेजे गए उसके बारे में कुछ पता ही नहीं चल पा रहा है। वेबसाइट का आईपी कैलिफोर्निया का बताया जा रहा है। 16 जुलाई को साइबर सेल से शिकायत की गई है। भाजपा की ओर से कहा गया है कि सदस्यता पंजीयन की प्रक्रिया आसान है। फोन नंबर 8980808080 पर मिस्ड काल करते ही पंजीयन हो जाता है। पूरी जानकारी के लिए फोन पर लिंक आती है। उस पर नाम, पता व शहर का पिन नंबर फोटो के साथ अपलोड करते ही सदस्य का पंजीयन हो जाता है। 

फर्जीवाड़ा करनेवालों को सजा मिलनी चाहिए। मैंने पुलिस को आवश्यक सभी सबूत दिए हैं। 
- अनिरुद्ध शर्मा, शिकायतकर्ता

आवश्यक प्रमाण मिलने व शिकायत के बारे में पर्याप्त तथ्य मिलते ही एफआईआर दर्ज कर ली जाएगी।
-विशाल माने, एपीआई पुलिस साइबर सेल

भाजपा की प्राथमिक सदस्यता नि:शुल्क है। राज्य में नए सदस्यों के लिए बूथ स्तर पर एक करोड़ आवेदन फार्म उपलब्ध कराए गए हैं। इस अभियान की आड़ में कोई फ्राड कर रहा हो तो भाजपा भी उसके विरोध में कानून की मदद लेगी। फिलहाल राज्य में अन्य क्षेत्र से कोई शिकायत नहीं मिली है। -रामदास आंबटकर, प्रमुख भाजपा सदस्यता अभियान महाराष्ट्र
 

Created On :   19 July 2019 6:43 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story