पकड़ा गया व्यापारियों से पुलिस के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह

डिजिटल डेस्क, मुंबई। खुद को पुलिसकर्मी बताकर कारोबारियों को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर उनसे लाखों रुपए की जबरन वसूली करने वाले एक गिरोह के पांच लोगों को ठाणे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने भिवंडी के एक कारोबारी को अगवा कर उसे फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देकर 10 लाख रुपए की मांग की थी। डरे हुए कारोबारी ने आरोपियों को 2 लाख रुपए दे दिए थे लेकिन आरोपी और पैसे देने के लिए लगातार दबाव बनाते रहे तो 40 वर्षीय कारोबारी ने मामले की शिकायत जबरन वसूली पथक से की।
छानबीन में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने राज्यभर में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। उनके खिलाफ बीड के केज, औरंगाबाद के वैजापुर, नाशिक के दिंडोरी के अलावा मुंबई, ठाणे के सात पुलिस स्टेशनों में इसी तरह के मामले दर्ज हैं। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नाम इमरान शेख, संजय म्हात्रे, कैलाश पतंगे, निखिल जोशी और सागर चिंचोले है। पकड़े गए चारों आरोपी ठाणे जिले के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास से अपराध के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दो कारें, मुंबई पुलिस के नाम से बना फर्जी पहचान पत्र, पुलिस द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला डंडा, टोपी, पुलिस लिखी हुई पट्टी जिसे आरोपी गाड़ी के अगले हिस्से में लगाकर चलते थे बरामद किया गया है। आरोपियों से व्यापारी से वसूले गए पैसे में से 40 हजार 500 रुपए बरामद कर लिए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मालोजी शिंदे ने बताया कि आरोपियों ने इस तरह की कितनी वारदातों को अंजाम दी है इसकी छानबीन की जा रही है। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
Created On :   20 Feb 2023 9:31 PM IST