- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 4 साल तक ‘लिव इन रिलेशनशिप’ में ...
4 साल तक ‘लिव इन रिलेशनशिप’ में रहा, शादी के लिए कहा तो छोड़ गया प्रेमी
डिजिटल डेस्क, नागपुर। चार साल तक लिव इन रिलेशनशिप में रहते हुए शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप पीड़ित युवती ने युवक पर लगाया है। इस प्रकरण में पीड़ित प्रेमिका की शिकायत पर प्रेमी रियांश सुखराम राजपूत (23), गजानन नगर, नाका नं.-2 निवासी के खिलाफ पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। आरोपी रियांश राजपूत फरार है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कोराडी क्षेत्र में रहने वाली 25 वर्षीय युवती की रियांश के साथ वर्ष 2015 में पहचान हुई। जरीपटका के वरिष्ठ थानेदार पराग पोेटे ने बताया कि, दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ते थे। दोनों गहरे दोस्त बन गए। रियांश मूलत: सिवनी, मध्य प्रदेश का रहने वाला है। पीडित युवती ने पुलिस को बताया कि, कॉलेज के बाद रियांश नौकरी करने लगा। युवती के परिवार में मां है। युवती ने नर्स की ट्रेनिंग ली थी। उसने कुछ समय तक नौकरी भी की थी। उम्र में दो वर्ष बड़ी प्रेमिका और रियांश किराए का कमरा लेकर ‘लिव इन रिलेशनशिप’ में रहने लगे थे।
इस दौरान रियांश ने उसे शादी करने के सपने दिखाए। दोनों करीब चार वर्ष तक पति-पत्नी की तरह किराए के कमरे में रहे। पीड़िता का आरोप है कि, रियांश ने इस दौरान कई बार उसके साथ जबरन संबंध बनाए, लेकिन बाद में वह उससे दूरी बनाने लगा। जब शादी करने की बात की, तो रियांश ने इनकार कर दिया। पीड़िता की इस शिकायत पर जरीपटका थाने के वरिष्ठ थानेदार पोटे के आदेश पर सहायक पुलिस निरीक्षक पाटील ने आरोपी रियांश राजपूत के खिलाफ धारा 376(2)(एन),417,506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
टेक्निकल है मामला
वरिष्ठ थानेदार पोटे ने कहा कि, यह थोड़ा टेक्निकल मामला है। आरोपी रियांश पर दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज करने वाले सहायक पुलिस निरीक्षक पाटील ने बताया कि, पीडिता को मोबाइल व कपड़ों का शौक है। रियांश को कई बार भावनात्मक रूप से बातचीत कर उससे आर्थिक मदद मांगी और उससे अपने बैंक खाते में पैसे जमा करावाए थे। रियांश से बार-बार आर्थिक मदद की मांग करने पर रियांश ने पीडिता के खिलाफ एक माह पहले शिकायत की थी। उस समय एनसी दिया गया था। तब से दोनों के बीच नोक-झोंक शुरू हो गई थी।
Created On :   30 July 2019 7:33 AM GMT