विदर्भ में सबसे ठंडा रहा गोंदिया भंंडारा में भी कम नहीं हुई ठिठुरन

डिजिटल डेस्क, गोंदिया. जिले में गुरुवार 5 जनवरी को लगातार दूसरे दिन भी मौसम दिनभर सर्द बना रहा। कोहरे के कोहराम एवं शीतलहर ने आम नागरिकों को कपकपाकर रख दिया। लगातार दूसरे दिन जिले में सूरज के दर्शन नहीं हुए। आसमान में दिनभर बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान विभाग ने विदर्भ में अगले दो-तीन दिनों तक ऐसा ही वातावरण बने रहने की संभावना व्यक्त की थी। जो सही साबित हुई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी राजन चौबे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गोंदिया जिला आज संपूर्ण विदर्भ में सबसे अधिक ठंडा रहा। यहां अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड के चलते सड़क पर चलने वाले लगभग सभी व्यक्ति गर्म कपड़ों से लदे नजर आए। शहर की सड़कों पर आम दिनों की तरह चहल-पहल नजर नहीं आई। दिन में भी वाहन चालक अपने वाहनों के लाइट ऑन कर वाहन चलाते नजर आए। ठंड से बचाव के लिए लोग जगह-जगह या तो अलाव तापते नजर आए या फिर चाय की टपरियों पर गर्म चाय और काफी की चुसकियां लेते दिखाई पड़े। एक ओर अधिकांश लोग इस वातावरण से अपने आपको बचाने का प्रयास करते रहे हैं तो कुछ स्थानों पर युवा मौसम का आनंद लेते भी नजर आए। उनका कहना था कि, इस तरह का नजारा अपने क्षेत्र में बहुत कम दिखाई पड़ता है। इसलिए इसका जितना ज्यादा हो सके आनंद उठाना चाहिए।
सब्जियों को नुकसान, लेकिन चने के लिए फायदेमंद
हिंदूराव चव्हाण, अधीक्षक जिला कृषि अधिकारी के मुताबिक जिले में बना हुआ बदरीला मौसम और हल्की बारिश से सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। क्योंकि इसमें इल्लियां लगने की संभावना रहती है। वैसे गोंदिया जिले में बड़े पैमाने पर सब्जियां नहीं लगाई जाती, लेकिन चने की फसल के लिए यह वातावरण फायदेमंद है। इससे चने के पौधों पर फूल आते हैं। जिससे उनका विकास होता है। जहां तक तुअर का सवाल है अब यह फसल लगभग कट चुकी है। इसलिए फिलहाल जिले में चिंता जैसी कोई बात नहीं है।
Created On :   6 Jan 2023 7:41 PM IST