- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- सुरेंद्र नगर में गुंडों ने मचाया...
सुरेंद्र नगर में गुंडों ने मचाया आतंक, आधा दर्जन से अधिक कारों के शीशे फोड़े

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सुरेंद्र नगर में एक बार फिर दहशत का माहौल हो गया। जहां बुधवार रात गुंडों ने जमकर आतंक मचाया। सुरेंद्र नगर क्षेत्र में गुंडों ने आधा दर्जन से अधिक कारों को निशाना बनाया। जिससे कार मालिकों में हड़कंप मच गया। इस बारे में सूचना मिलने पर बजाज नगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुंडों ने आधा दर्जन से अधिक कारों को तोड़फोड़ कर तबाही मचाई। बताया जा रहा है कि गुंडों के इस आतंक से क्षेत्र के नागरिकों में खासकर कार मालिकों में बेहद डर बना हुआ है।

बदमाशों का पीछा करने का प्रयास भी किया गया। लेकिन वह भागने में सफल हो गए, इसके पहले शहर के गणेश पेठ, कोतवाली और तहसील क्षेत्र में भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इन घटनाओं के आरोपी पकड़े नहीं गए थे। इसी तरह की घटना जरीपटका और लकड़गंज क्षेत्र में भी हुई थी। शिव गणेश पेठ पुलिस ने दो आरोपियों को कारों के कांच फोड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया था, जिसका लोगों ने उस समय कड़ा विरोध किया था।

क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि इस क्षेत्र में तथाकथित गुंडों को कुछ पुलिस वालों का शव मिला है। जिसके चलते वह क्षेत्र में एक बार फिर से आतंक मचाना शुरू कर दिया है। इस क्षेत्र के कुख्यात बदमाश सुमित ठाकुर को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन उसके साथी इस इलाके में अभी भी आतंक मचा रहे हैं। घर के सामने खड़ी कारों को निशाना बनाने वाले शातिर बदमाशों की तलाश की पुलिस कर रही है। कहा जा रहा है कि बदमाशों ने जिन कारों को निशाना बनाया, वो सड़क किनारे खड़ी थी। इन कारों को निशाना बनाने वाले बदमाशों की संख्या 2 से 3 बताई जा रही है। बदमाशों ने कुछ नागरिकों से भी उलझने की कोशिश की, लेकिन उनके चेहरे पर नकाब होने के कारण पहचान नहीं पाए।
Created On :   2 Jan 2020 8:29 PM IST