सरकार ने कबाड़ बेचकर कमाए 254 करोड़ रूपए - जितेन्द्र सिंह

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केन्द्रीय कार्मिक, लोक शिकायत व पेंशन राज्य मंत्री डॉ जितेन्द्र सिंह ने कहा कि स्वच्छता और सरकार में लंबित मामलों को कम करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान 2.0 को लेकर विभिन्न मंत्रालयों में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के तीसरे सप्ताह तक कबाड़ बेचकर 254.21 करोड़ रूपये कमाए हैं और लोगों के जीवन को ज्यादा सुगम बनाने के लिए 588 नियमों और प्रक्रियाओं में ढील दी गई है। डॉ सिंह ने यह बात विशेष अभियान 2.0 के तहत 25 अक्टूबर तक चले अभियान की समीक्षा के बाद कही। उन्होंने कहा कि 68,363 अभियान स्थलों पर स्वच्छता अभियान सफलतापूर्वक चलाया गया। इस दौरान कबाड़ निस्तारण से 254 करोड़ से ज्यादा का राजस्व प्राप्त हुआ तो 3,05,268 लोक शिकायतों का निवारण किया गया और 588 नियमों में ढील दी गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान 40 लाख फाइलों की समीक्षा की गई और 37.19 लाख वर्गफुट जगह खाली की गई। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इस तरह के प्रयास न केवल अभिनव और प्रशंसनीय हैं, बल्कि ये हमें आसपास और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के हमारे बुनियादी नागरिक कर्त्तव्यों की याद भी दिलाते हैं। इस मौके पर प्रशासनिक सुधार और जन शिकायत विभाग के सचिव श्रीनिवास और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिच अपूर्व चन्द्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
डॉ सिंह ने बताया कि बीते तीन सप्ताह के दौरान डाक विभाग ने 17,767 डाकघरों में सफाई अभियान चलाया तो रेल मंत्रालय ने 7,028 रेलवे स्टेशनों पर विशेष सफाई अभियान चलाया। इसी प्रकार रक्षा मंत्रालय ने 4,578, गृह मंत्रालय ने 4,896 और फार्मास्युटिकल्स विभाग ने 5,974 स्थलों पर अभियान चलाया। रेल मंत्रालय ने बंगलुरू रेलवे स्टेशन पर प्लास्टिक की बेकार बोतलों से एक मूर्ति बनाकर एक अलग राह दिखाई है। इसी प्रकार डाक विभाग ने डाकघरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर प्रति माह 4 लाख रूपये का बिजली बिल बचा रहा है तो कोलकाता जीपीओ में बेकार पड़ी डाकों व पार्सलों को हटाकर वहां शानदार पार्सल कैफे खोला है।
Created On :   25 Oct 2022 9:21 PM IST