सरकार की तरफ से किसानों दिवाली गिफ्ट, हुई कर्जमाफी

government gave Debt relief to farmers as diwali gift on wednesday
सरकार की तरफ से किसानों दिवाली गिफ्ट, हुई कर्जमाफी
सरकार की तरफ से किसानों दिवाली गिफ्ट, हुई कर्जमाफी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विदर्भ सहित महाराष्ट्र के किसानों की असली दिवाली बुधवार को मनेगी। किसानों के कर्जमाफी की घोषणा के बाद बुधवार से इनका सात-बारा कोरा होगा। पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले कर्जमाफी के लिए पात्र किसानों को प्रमाण-पत्र देकर परिवार का सत्कार करेंगे। जिलाधिकारी कार्यालय में दोपहर 1 बजे आयोजित कार्यक्रम में परिवारों का सत्कार होगा। जबकि इससे पहले दोपहर 12 बजे मुंबई में सीएम के हाथों कार्यक्रम का शुभारंभ होना है। सीएम इस दौरान किसानों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के जरिए संवाद साधेंगे। कर्जमाफी के क्रियान्वयन का शुभारंभ राज्य में एक साथ होगा। 

76.44 प्रतिशत किसानों को होगा फायदा

गौरतलब है कि राज्य सरकार ने जून 2017 में 34 हजार करोड़ रुपए की किसानों की कर्जमाफी की घोषणा की थी। कर्जमफी योजना अंतर्गत नागपुर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक (एनडीसीसी) के 25 हजार 287 किसानों को कर्जमाफी के लिए पात्र माना गया है। यानी 76.44 प्रतिशत किसानों को इसका लाभ होगा। इन किसानों का 203 करोड़ 49 लाख रुपए का कर्ज माफ होगा। इन किसानों का कर्ज माफ कर इनका सात-बारा कोरा किया जाएगा। 1 अप्रैल 2009 से बकाएदार किसानों को इसका लाभ मिलेगा। इसके अलावा राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्जदार अलग हैं। 

किसानों के लिए खास पहल

नागपुर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक ने पहल कर 1 अप्रैल 2009 के बाद फसल कर्ज लेने वाले और 30 जून 2016 तक के बकाएदारों की पूरी जानकारी जुटाई। सभी का कर्जमाफ कर, नए सिरे से कर्ज उपलब्ध कराने की जिलाधिकारी सचिन कुर्वे ने पहल की है। कुर्वे एनडीसीसी बैंक के मुख्य प्राधिकृत अधिकारी भी हैं। जिलाधिकारी ने किसानों को सहज और सुलभ कर्ज आपूर्ति करने की दृष्टि से सूचना भी जारी की थी। 

2918 किसानों पर डेढ़ लाख से अधिक का कर्ज

शेतकरी सम्मान योजना अंतर्गत डेढ़ लाख रुपए तक के बकाएदारों को लगभग 22 हजार 287 किसानों को 136 करोड़ 59 लाख 89 हजार रुपए की कर्जमाफी मिलेगी। उनका सात-बारा कोरा होने के बाद नया कर्ज मिलेगा। इसी तरह डेढ़ लाख से अधिक का बकाया वाले 2 हजार 918 किसानों को 66 करोड़ 89 लाख 33 हजार रुपए की कर्जमाफी मिलेगी। इसके किसान सदस्यों को डेढ़ लाख पर बकाए कर्ज की राशि चुकानी होगी।

Created On :   17 Oct 2017 11:00 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story