शासकीय सेवक और भू-स्वामी भी उठा रहे थे गरीबी रेखा का लाभ - अपात्रों के नाम गरीबी रेखा सूची से काटे गए

डिजिटल डेस्क शहडोल । जिले में काफी संख्या में शासकीय सेवक, भू-स्वामी और अपात्र गरीबी रेखा (बीपीएल) का लाभ ले रहे हैं। अब सर्वे कर अपात्रों के नाम बीपीएल सूची से हटाए जा रहे हैं। पिछले दिनों ग्राम पंचायत जमुई में करीब एक दर्जन अपात्रों के नाम सूची से हटाए गए थे। वहीं सोमवार को सोहागपुर वार्ड 31/1 से 29 लोगों के नाम विलोपित किए गए। एसडीएम सोहागपुर द्वारा पटवारी हल्का सोहागपुर नंबर 77 शहडोल वार्ड 1 के अंतर्गत सम्मिलित परिवारों की जांच कराई गई। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ने नगर पालिका वार्ड प्रभारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व पंचगणों की उपस्थिति में भ्रमण करके 29 अपात्र व्यक्तियों की सूची तैयार की। इनमें से 3 का निधन हो चुका है। एक अब नगर से बाहर रहते हैं, जबकि 25 लोग गरीबी रेखा के नीचे आते ही नहीं है। एक दर्जन दर्जन से अधिक शासकीय सेवक व पेंशनर हैं। वहीं एक दर्जन से अधिक के पास पक्के मकान और खेती की भूमि हैं। वहीं कुछ वाहन स्वामी हैं।
ये हैं शासकीय सेवक व पेंशनर
प्रेमलाल यादव सिंचाई विभाग में नौकरी, रुकमणी माझी पति शिक्षक हैं, रमोलिया परस्ते शासकीय नौकरी एवं पक्का मकान, संजय जायसवाल बिजली विभाग में नौकरी, रमोलिया बैगा डिग्री कॉलेज में कर्मचारी, छाया देशमुख सास की पेंशन एवं पक्का मकान, ज्योति देशमुख पेंशनर व पक्का मकान है। अंजुम बेगम पति बैंक में ड्राइवर के पद पर है। बसंती बैगा पेंशनर व पक्का मकान। मुनेंद्र शुक्ला पक्का मकान कोआपरेटिव सोसाइटी में नौकरी। यासमीन खान फॉरेस्ट में नौकरी, पक्का मकान एवं मोटरसाइकिल। राम प्रसाद गुप्ता पक्का मकान, पत्नी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता।
व्यवसायी और कृषक
लालमन द्विवेदी पक्का मकान एवं हार्डवेयर की दुकान, मनोज जायसवाल पक्का मकान एवं स्वयं का ऑटो। द्रोपती कोली ससुर के नाम पर 3 एकड़ सिंचित भूमि एवं पक्का मकान है। राजकुमारी बाई पक्का मकान एवं कृषि योग्य सिंचित भूमि ग्राम नरवार व बिजौरी में। कृष्णपाल साहू पक्का मकान, एलआईसी एजेंट एवं कृषि कार्य। कुसुम बारगाही पक्का मकान, बाइक एवं आर्थिक स्थिति काफी अच्छी है। इसके अलावा राधिका जायसवाल, इकबाल अहमद के पास भी पक्का मकान व कृषि कार्य हैं।
Created On :   20 July 2021 5:39 PM IST