रत्नागिरी के मृतक पत्रकार वारिशे के परिजन को 25 लाख रुपए की मदद देगी राज्य सरकार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोंकण अंचल के रत्नागिरी जिले के मृत पत्रकार शशिकांत वारिशे के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 25 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। रविवार को प्रदेश के उद्योग मंत्री तथा रत्नागिरी के पालक मंत्री उदय सामंत ने यह घोषणा की। रत्नागिरी में सामंत ने कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आदेश के अनुसार यह फैसला लिया गया है। वारिशे के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता निधि से 10 लाख रुपए और अन्य माध्यम से 15 लाख रुपए की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी। सामंत ने कहा कि वारिशे के बेटे आईटीआई की पढ़ाई कर रहे हैं। इसके मद्देनजर मैंने खुद उनके बेटे को स्थायी नौकरी देने की जिम्मेदारी स्वीकारी है। मैं आगामी समय में रत्नागिरी के राजापुर तहसील में जाकर वारिशे के परिजनों से भी मुलाकात करूंगा। सामंत ने कहा कि वारिशे की हत्या के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन सतर्क रहेगा।
इसके पहले शनिवार को उपमुख्यमंत्री तथा गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वारिशे की हत्या मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराने की घोषणा की थी। उल्लेखनीय है कि वारिशे को बीते 6 फरवरी को जमीन कारोबार से जुड़ा पंढरीनाथ आंबेरकर ने जीप से टक्कर मार दी थी। जिसके बाद दूसरे दिन वारिशे की अस्पताल में मौत हो गई थी। वारिशे की हत्या मामले में आंबेरकर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी आंबेरकर पर पहले भी रत्नागिरी में प्रस्तावित ग्रीन रिफाइनरी परियोजना का विरोध करने वालों को धमकाने को लेकर मामला दर्ज हो चुका है।
Created On :   12 Feb 2023 7:22 PM IST