प्याज उत्पादक किसानों के लिए बाजार हस्तक्षेप योजना शुरु करेगी सरकार

डिजिटल डेस्क, मुंबई. प्रदेश में प्याज और कपास की लगातार गिरती हुई कीमतों को लेकर विधान परिषद में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। विपक्ष के आक्रामक तेवर और हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही पहले 15 मिनट, फिर 25 मिनट और बाद में दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। मंगलवार को विधान परिषद में कामकाज शुरू होने के बाद प्रश्नकाल में ही विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने कार्य स्थगन प्रस्ताव के जरिए प्याज और कपास उत्पादक किसानों को उचित दाम न मिलने का मुद्दा उठाया। दानवे ने कहा कि प्याज की कीमतें गिरने के कारण किसान जगह-जगह सड़कों पर हैं। सोलापुर के बार्शी के किसान राजेंद्र चव्हाण को 512 किलोप्याज बेचने पर सूर्या ट्रेडिंग कंपनी ने केवल 2 रुपए का चेक दिया है। वह भी कंपनी ने चव्हाण को 8 मार्च 2023 का पोस्ट डेटेड चेकदिया है। सरकार प्याज और कपास उत्पादक किसानों को क्या सहारा देगी? इस पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य में नाफेड ने प्याज की खरीदी शुरू कर दी है। इसके साथ ही राज्य सरकार के कृषि विभाग की ओर सेबाजार हस्तक्षेप योजना शुरू की जाएगी। बाजार हस्तक्षेप योजना के तहत किसानों से प्याज खरीदा जाएगा। बाजार हस्तक्षेप योजना के लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकार की ओर से 50-50 प्रतिशत निधि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा प्याज उत्पादक किसानों को राज्य सरकार की ओर से विशेष मदद भी प्रदान की जाएगी।
प्याज उत्पादक राज्यों की संख्या 3 से 9 तक पहुंची
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पहले देश भर में अकेले केवल महाराष्ट्र में 40 से 50 प्रतिशत प्याज का उत्पादन होता था। महाराष्ट्र के किसानों को प्याज बेचने के लिए मध्यप्रदेश से लेकर पंजाब तक का बाजार मिल जाता था। लेकिन बीते कुछ सालों में प्याज उत्पादक राज्यों की संख्या 3 से बढ़कर 9 हो गई है। इसके चलते महाराष्ट्र के प्याज उत्पादक किसानों को बाजार उपलब्ध होने में थोड़ी दिक्कत आ गई है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्याज की कीमतें स्थिर रखने के लिए निर्यात एक विकल्प है। विश्व के कई देशों में प्याज की आवश्यकता है। लेकिन दक्षिण पूर्व एशिया के देशों के पास विदेशी मुद्रा नहीं है। इसलिए इन देशों में प्याज का निर्यात नहीं हो पा रहा है। प्याज के लिए देश और विदेश दोनों बाजार फिलहाल मुश्किल में है।इस बीच सदन में विपक्ष के सदस्य हंगामा करने लगे। इस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष केवल राजनीति करने के लिए हंगामा कर रहा है। विपक्ष के हंगामे के कारण उपसभापति नीलम गोर्हे नेसदन की कार्यवाही पहले 15 मिनट और फिर 25 मिनट के लिए स्थगित की। इसके बाद सदन का कामकाज शुरू होने के बाद भी विपक्ष के सदस्य वेल में आकर हंगामा करने लगे। इसके बाद उपसभापति नेसदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी।
Created On :   28 Feb 2023 10:23 PM IST