हज यात्रा : यात्रियों की जेब पर पड़ेगा बोझ, उड़ान हुई महंगी

Haj travel: burden on passengers pockets, flight gone expensive
हज यात्रा : यात्रियों की जेब पर पड़ेगा बोझ, उड़ान हुई महंगी
हज यात्रा : यात्रियों की जेब पर पड़ेगा बोझ, उड़ान हुई महंगी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हज कमेटी आॅफ इंडिया ने इस वर्ष हज यात्रा पर जाने वाले लोगों के लिए हवाई किराया कम करने की बात कही है, लेकिन हकीकत में हवाई किराए में बढ़ोतरी हुई है। इसका कारण है विमानतल कर में वृद्धि बताया जा रहा है। इसलिए हज यात्रियों को पिछले वर्ष के मुकाबले हवाई किराया अधिक देना होगा। सेंट्रल तंजीम कमेटी के सचिव हाजी मो. कलाम ने बताया कि पिछले वर्ष हवाई किराया अधिक था लेकिन इस वर्ष विमानतल कर में वृद्धि किए जाने से किराया बढ़ गया है।

इस वर्ष हज यात्रियों से हवाई किराया 69 हजार रुपए लिया जाएगा जिसमें विमानतल कर 14 हजार 767 रुपए शामिल है। देश भर में 21 इंबारकेशन सेंटर से हज के लिए लोग रवाना होंगे। नागपुर सहित 11 सेंटरों के यात्रियों को संबंधित सेंटर से उड़ान भरना पड़ेगा जबकि 10 सेंटरों के यात्रा दूसरे सेंटर से भी हज पर रवाना हो सकते हैं। नागपुर से पूरे विदर्भ के अलावा मध्यप्रदेश के चार जिले मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा तथा सिवनी और छत्तीसगढ़ के हज यात्री रवाना होंगे।

किसे लगेगा कितना किराया
नागपुर इंबार्केशन सेंटर से ग्रीन श्रेणी के यात्रियों को 2 लाख 50 हजार 900 रुपए और अजीजिया श्रेणी के यात्रियों को 2 लाख 16 हजार 700 रुपए किराया लगेगा। पिछले वर्ष ग्रीन श्रेणी के यात्रियों को 2 लाख 36 हजार रुपए और अजीजिया श्रेणी के यात्रियों को 2 लाख 4 हजार रुपए किराया देना पड़ा था। दोनों श्रेणी के यात्री पहली किश्त के रूप में 81-81 हजार रुपए भर चुके हैं। अब ग्रीन श्रेणी के यात्रियों को बकाया राशि 23 मई तक जमा करनी होगी। कुर्बानी के कूपन के लिए 8 हजार रुपए अलग देने होंगे। 2 साल तक की उम्र के बच्चे का किराया 11 हजार 450 रुपए लगेगा। 

मोहम्मद अली सराय में तरबियत कैंप कल 
सेंट्रल तंजीम कमेटी की ओर से हज यात्रियों के लिए तरबियत कैंप का आयोजन रविवार, 13 मई को सुबह 10 से शाम 6 बजे तक मोमिनपुरा स्थित मोहम्मद अली सराय में किया गया है। शिविर की अध्यक्षता सेंट्रल तंजीम कमेटी के अध्यक्ष हाजी अ. कदीर करेंगे। महाराष्ट्र राज्य हज कमेटी के सेक्शन आफिसर मक्दूम पीर प्रमुखता से उपस्थित रहेंगे। हज ट्रेनर इकबाल बेरा, हाजी मो. कलाम, शाहिद नसीम खान तथा मुफ्ती-ए-महाराष्ट्र मुजीब अशरफ हज यात्रियों को प्रशिक्षण देंगे।

कस्टम, इमीग्रेशन, एयर इंडिया, एयरपोर्ट, सीआईएसएफ के अधिकारी मार्गदर्शन करेंगे। सफलतार्थ नियाज अहमद, मौलाना महमूद रिजवी, अजीज खान, मतीन रहमान, गुलाम मुस्तफा, आफी खान, निसार अहमद अंसारी प्रयासरत है। मोहम्मद अली सराय में हजयात्रियों की सहायता के लिए हज मार्गदर्शन केंद्र भी चलाया जा रहा है। 

दोबारा हज यात्रा करने वाले संकट में 
हाजी कलाम ने बताया कि हज कमेटी ने घोषणा की है कि दोबारा हज यात्रा करने वाले यात्री को 2 हजार रियाल (3,500 रुपए) अतिरिक्त लगेगा। उन्होंने कहा कि हज कमेटी द्वारा जारी दिशा निर्देश में दोबारा हज यात्रा करने वाले यात्री से अतिरिक्त 2 हजार रियाल लेने का जिक्र नहीं किया गया था।

अचानक घोषणा करने से हज यात्री आर्थिक संकट में फंस गए हैं, क्योंकि उन्हें अब 35 हजार रुपए और देने होंगे। हज यात्री पहली किश्त के रूप में 81 हजार रुपए भर चुके हैं। हर हज यात्री को 2100 सऊदी रियाल विमानतल पर दिया जाएगा। रियाल का भाव भारतीय मुद्रा के अनुसार 17.60 रुपए है। 

Created On :   12 May 2018 10:07 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story