जलजमाव से सड़कों पर लगा लंबा जाम

डिजिटल डेस्क, नागपुर. तेज बारिश से सोमवार को शहर की सड़कें व चौराहे जलमग्न होने के बाद रास्तों पर भारी जाम लग गया। बारिश खत्म हुई, तो एक साथ वाहन सड़कों पर आने से कई रास्तों पर लंबा जाम लग गया। वाहन चालक रास्ते से निकलने के लिए जद्दोजहद करते नजर आए। लोग जाम से बचने के लिए दूसरे रास्तों का विकल्प तलाशते रहे। पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी काफी समय तक रास्तों व चौराहोें पर जमा रहता है। भारी जाम के दौरान ट्रैफिक पुलिस कहीं दिखाई नहीं दी।
वाहनों की थम गई थी गति
बारिश का असर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक रहा। लोहा पुल, धंतोली पुलिया, रामदासपेठ, अजनी आरओबी, कड़बी चौक, किंग्स-वे, बैद्यनाथ चौक, अशोक चौक, विजय टाॅकिज पुल, मेडिकल चौक, ऑटोमोटिव चौक आदि क्षेत्रों में पानी जमा रहा। बारिश कम होते ही बड़ी संख्या में वाहन चालक बाहर निकले। सड़कों व चौराहों पर जमा पानी के कारण वाहन रास्तों पर एक तरह से रेंगते रहे। भारी जाम के दौरान ट्रैफिक पुलिस मौजूद नहीं थी। विजय टाॅकिज के पास ऑटो चालक शेख अशफाक यातायात व्यवस्था संभाल रहा था। जगह-जगह जाम लगने से वाहनांे की गति थम सी गई थी।
Created On :   12 July 2022 6:54 PM IST