पंजाब पुलिस की सूचना पर मुंबई पुलिस ने बरामद की 363 करोड़ रुपए की हेरोइन 

Heroin worth Rs 363 crore recovered by Mumbai Police on information of Punjab Police
पंजाब पुलिस की सूचना पर मुंबई पुलिस ने बरामद की 363 करोड़ रुपए की हेरोइन 
बड़ी कार्रवाई पंजाब पुलिस की सूचना पर मुंबई पुलिस ने बरामद की 363 करोड़ रुपए की हेरोइन 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दुबई से नई मुंबई स्थित न्हावा शेवा पोर्ट पहुंचे एक कंटेनर से पुलिस ने करीब 363 करोड़ रुपए की हेरोइन बरामद की है। नई मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने पंजाब पुलिस की सूचना पर यह कार्रवाई की है। कंटेनर की तलाशी के दौरान कुल 72 किलो 518 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। नई मुंबई पुलिस आयुक्त बिपिन कुमार के मुताबिक कंटेनर 15 दिसंबर 2021 को ही आया था लेकिन इसमें रखा माल लेने के लिए कोई नहीं पहुंचा। कंटेनर नवकार लॉजिस्टिक, नवीन आजीवली गांव, पनवेल में रखा हुआ था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली तो उसमें मार्बल लदा मिला। मार्बल नीचे उतार लिया गया लेकिन उसमें कोई संदिग्ध वस्तु नजर नहीं आ रही थी। सूचना पक्की थी इसलिए अधिकारियों ने बारीकी से कंटेनर का निरीक्षण किया तो उसके लोहे के दरवाजे में गड़बड़ी मिली। ऐसा लग रहा था कि बेहद मोटे दरवाजे के फ्रेम के अंदर कुछ है। इसके बाद दरवाजा काटा गया तो संदेह सही साबित हुआ। उसके भीतर से 168 पैकेट बरामद हुए। पैकेट खोलकर उनकी जांच की गई तो पता चला कि पैकेट में हेरोइन भरी हुई है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पैकेट में भरी हेरोइन की कुल कीमत 362 करोड़ 59 लाख रुपए है। पंजाब पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन सेल की टीम ने भी इस कार्रवाई में नई मुंबई पुलिस की मदद की। मामले में पनवेल तालुका पुलिस स्टेशन में आयात, निर्यात करने वाले और मामले में मदद करने वाले अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस कानून की संबंधित धाराओं तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। 

 

Created On :   15 July 2022 9:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story