पहाड़ी जलभराव मार्गों की कराई जाये सफाई: शशिकांत दीक्षित

डिजिटल डेस्क, पन्ना। जिले के किसान नेता शशिकांत दीक्षित ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा है कि कुछ वर्षों से पन्ना नगर में पेयजल आपूर्ति करने वाले ऐतिहासिक तालाबों में पर्याप्त जल संग्रह नहीं हो रहा जिसका कारण यह है कि पहाड़ी जल तालाबों तक नहीं पहुंच पा रहा है। क्योंकि पहाड़ी जल मार्ग चोक हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि नगर का ऐतिहासिक लोकपाल सागर तालाब जिसके दोनों तरफ से पहाड़ लगे हुए हैं। पहले पहाड़ी जलमार्गों नालों से पानी आसानी से आता था जिससे अल्प वर्षा में ही तलाब लबालब भर जाते थे। पूर्व में यह जलमार्ग समय-समय पर साफ़ किए जाते थे। वर्ष 2013 में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहयोग से इन जलभराव मार्गों नालों की सफाई करवाई गई थी जिससे कम वर्षा में भी तालाब भर गया था। उसके एक दशक बाद भी इन जलमार्गों की सफाई नहीं करवाई गई जिससे पहाड़ों का पानी लोकपाल सागर में आने के बजाय यहां-वहां फिजूल में बह जाता है। उन्होंने दावा किया है कि इन जलमार्गों की सफाई में केवल 20 या 30 हजार का खर्च आएगा यदि इस काम के बाद भी अल्प वर्षा में तालाब नहीं भरे तो वह दोगुनी रकम चुकाने को तैयार हैं।
Created On :   2 July 2022 4:15 PM IST