महाराष्ट्र: मैं चला रहा हूं तीन पहिए की सरकार- उद्धव ठाकरे

I am running a three wheel government said cm uddhav thackeray
महाराष्ट्र: मैं चला रहा हूं तीन पहिए की सरकार- उद्धव ठाकरे
महाराष्ट्र: मैं चला रहा हूं तीन पहिए की सरकार- उद्धव ठाकरे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा की ओर से राज्य की महाविकास आघाडी सरकार को तीन पहिए की सरकार करार देने पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने विपक्षी दल पर कटाक्ष किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी आलोचना हुई कि राज्य में तीन पहिए की सरकार है। मुझे दुपहिया वाहन चलाने की आदत नहीं है, फिलहाल मैं तीन पहिए की कार नहीं बल्कि सरकार चला रहा हूं। सरकार को चलाते समय में नियमों का पालन भी कर रहा हूं। सोमवार को मुख्यमंत्री ने एनसीपीए सभागार में 31 वें राज्य सड़क सुरक्षा सप्ताह 2020 का उद्घाटन किया। यहां पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार तीन पहिए की ही सही लेकिन सरकार चल रही है ना यह महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संतुलन बनाए रखना आना चाहिए। फिर चाहे वो दो पहिए का वाहन हो या फिर तीन पहिया का, नहीं तो चार पहिए का होने के बाद भी हादसे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वाहन चलाने वाला महत्वपूर्ण होता। वही सही मायनों में नियंत्रण करता है। 

चीन में दुर्घटना का प्रमाण घटा, भारत में बढ़ गया
मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2005 में चीन में सड़क दुर्घटना का आकड़ा 94 हजार और भारत में 98 हजार था। लेकिन चीन में अब दुर्घटना का यह आकड़ा कम होकर 45 हजार पर पहुंच गया है लेकिन भारत में बढ़कर 1.50 लाख हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हमें शून्य फीसदी दुर्घटना के लक्ष्य को हासिल करना है। इसलिए दुर्घटना दर को कम करने के लिए अपनी सुरक्षा ही परिवार की सुरक्षा समझकर सभी को सहयोग करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की दर कम करने के लिए सड़क सुरक्षा सप्ताह अभियान एक सप्ताह तक ही नहीं बल्कि पूरे वर्ष भर यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यातायात नियमों को स्कूल और कॉलेज में विद्यार्थियों को पढ़ाने की जरूरत है। विद्यार्थी नियमों को समझने के बाद इन नियमों को अपने परिवार को समझा सकते हैं। 

एक साल में 12 हजार लोगों की मौत 
परिवहन मंत्री अनिल परब ने कहा कि राज्य में पिछले एक वर्ष में सड़क हादसों में 12 हजार 556 लोगों की मौत हुई है। राज्य में शून्य प्रतिशत हादसे के उद्देश्य के मद्देनजर आगामी एक साल में सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम 10 प्रतिशत की कमी लाने  दिशा में  काम करना चाहिए। परब ने कहा कि सड़क हादसे से होने वाली मौत की संख्या में कमी लाने के लिए यातायात नियमों के बारे में लोगों को जागरूक करना आवश्यक है। वहीं प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री सतेज पाटील ने कहा कि इंटरनेट की गति 4 जी से 5 जी तक बढ़ गई है। लेकिन हमें वाहन चलाते समय उसकी गति नहीं बढ़ाना चाहिए। 

Created On :   14 Jan 2020 10:29 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story