स्वच्छता सर्वे में सुधार : 55वें नंबर पर पहुंचा नागपुर

Improvement in cleanliness survey, Nagpur reached at 55th
स्वच्छता सर्वे में सुधार : 55वें नंबर पर पहुंचा नागपुर
स्वच्छता सर्वे में सुधार : 55वें नंबर पर पहुंचा नागपुर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पिछले साल स्वच्छता सर्वेक्षण में पिछड़ने के बाद इस बार नागपुर शहर की रैंकिंग में अच्छा सुधार हुआ है। शनिवार शाम को केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की वेबसाइट पर जारी सूची में नागपुर शहर इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में 55वें स्थान पर रहा। गत वर्ष नागपुर 137वें नंबर पर था। 4 हजार में नागपुर शहर को 2834.95 अंक मिले। कुल 485 शहरों में स्वच्छता सर्वेक्षण हुआ था। इसमें नागपुर 55वें और महाराष्ट्र में 10वें स्थान पर रहा। डायरेक्ट ऑब्जर्वेशन और पब्लिक फीडबैंक में नागपुर शहर को अच्छे अंक मिले हैं, लेकिन सर्विस लेवर प्रोग्रेस में नागपुर पिछड़ा है। इसके लिए सोलिड-वेस्ट मैनेजमेंट में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया गया है।

...तो रैंकिंग में शहर 20 के अंदर होता

हाल में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन को लेकर केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय ने अपनी समीक्षा रिपोर्ट में नागपुर शहर को पहले पायदान पर रखा है। इस अच्छी खबर के बाद नागपुर महानगरपालिका के लिए यह लगातार दूसरी राहत भरी खबर रही है। देश के कुल 485 शहरों में स्वच्छता सर्वेक्षण हुआ था। इसके लिए गत दिनों दिल्ली से एक टीम नागपुर पहुंची थी। इसे देखते हुए नागपुर महानगरपालिका ने शहर के प्रमुख ठिकानों पर स्वच्छता कायम रखने के लिए विशेष व्यवस्था की थी। डायरेक्ट ऑब्जर्वेशन में 1200 में 1164.52 तो पब्लिक फीडबैक में 1400 में से 1031.43 अंक दिए गए हैं। सर्विस लेवल प्रोगेस में 1400 में से सिर्फ 639 अंक दिए गए हैं। बताया गया कि अगर सर्विस लेवल प्रोगेस में मनपा अच्छा करती तो शायद नागपुर शहर 20 के अंदर होता। फिलहाल नागपुर के लिए यह राहत भरी खबर है कि उसकी रैंकिंग में पिछले बार की अपेक्षा काफी अच्छा सुधार हुआ है। यह इसलिए भी ज्यादा महत्वपूर्ण है कि क्योंकि इस बार 51 नये शहर इस सूची में जुड़े थे। बावजूद नागपुर ने अपनी रैंकिंग को बेहतर बनाया है।

सत्तापक्ष नेता मनपा संदीप जोशी के मुताबिक नागपुर शहर के लिए यह अच्छी खबर है। हमारी रैंकिंग में लगातार सुधार हुआ है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में पहली रैंकिंग के बाद स्वच्छता सर्वेक्षण में भी हमने बेहतर नतीजे दिए हैं। इससे और बेहतर करने की कोशिश जारी रहेगी। नागपुर शहर को टॉप 10 में लाने का प्रयास जारी रहेगा। इसके लिए शहर के सभी नागरिक और नगरसेवक, प्रशासन का सहयोगी लिया जाएगा।

स्वच्छता ब्रांड एंबेसेडर कौस्तुभ चटर्जी का कहना है कि हमें डायरेक्ट ऑब्जर्वेशन और पब्लिक फीडबैक में बेहतर अंक मिले हैं। सॉलिड-वेस्ट मैनेजमेंट में सुधार की आवश्यकता है। अगर हम बेहतर करते है तो हम 20 शहरों के अंदर होते। इसके लिए तत्कालीन आयुक्त अश्विन मुद्गल, मौजूदा आयुक्त वीरेंद्र सिंह और महापौर नंदा जिचकार के प्रयास सराहनीय है। 137 से 55 पर आना बड़ी बात है। 

Created On :   24 Jun 2018 11:22 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story